21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaisalmer / जैसलमेर की शादियों में साफों का नया अंदाज, विरासत संग फैशन की दस्तक

जैसलमेर की शादियों में साफों का नया अंदाज, विरासत संग फैशन की दस्तक

शादियों के सीजन में दूल्हों के सिर पर सजने वाला पारंपरिक साफा अब फैशन के नए रंगों में ढल रहा है। पेवर साफों की परंपरागत पहचान के बीच जॉर्जेट, मल्टीकलर और प्रीमियम डिजाइन युवाओं की पसंद बनकर उभर रहे हैं। साफों के बदलते कलेक्शन में विरासत और आधुनिकता का मेल जैसलमेर के विवाह बाजार को नया अंदाज दे रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 21 Nov 2026, 8:20 PM IST

jaisalmer news

शादी सीजन को लेकर सजे पारंपरिक पेवर से लेकर आधुनिक जॉर्जेट और मल्टीकलर डिजाइन के साफे।

जैसलमेर. दूल्हे की पोशाक में कभी परंपरा का सबसे मजबूत प्रतीक रहा साफा अब बदलते फैशन के साथ नया रूप ले रहा है। देवउठनी एकादशी के बाद शुरू हुए शादी समारोहों के सीजन में जैसलमेर के बाजारों में इसकी रंगत साफ नजर आने लगी है। इस बार बदलाव केवल रंगों तक सीमित नहीं है, बल्कि कपड़े, बनावट और डिजाइन में भी दिखाई दे रहा है। पारंपरिक पेवर साफों के साथ जॉर्जेट, मल्टीकलर और शाही अंदाज वाले डिजाइन दूल्हों की पसंद में जगह बना रहे हैं। साफा हाउस में सजे नए कलेक्शन बता रहे हैं कि विवाह परिधानों में परंपरा को बनाए रखते हुए आधुनिक स्टाइल भी अपनाया जा रहा है। जैसलमेर की शादियों में पेवर साफा लंबे समय से पारिवारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा रहा है। खासकर विवाह के अवसर पर दूल्हे के सिर पर बंधा साफा उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और क्षेत्रीय संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। हालांकि अब युवा पीढ़ी इसके पारंपरिक स्वरूप के साथ नए प्रयोग भी कर रही है। जॉर्जेट के साफे अपनी आकर्षक बनावट और प्रीमियम लुक के कारण विशेष पसंद किए जा रहे हैं। मल्टीकलर और अलग-अलग स्टाइल के डिजाइन भी समारोहों के अनुरूप तैयार करवाए जा रहे हैं।

बजट के अनुसार डिजाइन और कीमतों के विकल्प

साफों के बाजार में इस बार सामान्य से लेकर प्रीमियम श्रेणी तक विकल्प उपलब्ध हैं। कॉटन के साफे 300 से 1100 रुपए तक मिल रहे हैं, जबकि जॉर्जेट के साफों की कीमत 3000 से 9500 रुपए तक है। दूल्हे के परिधान की बुकिंग 999 रुपए से शुरू हो रही है। ग्राहक अपनी पसंद, समारोह की थीम और बजट के अनुसार डिजाइन का चयन कर रहे हैं। विशेष मांग को देखते हुए साफा हाउस में अलग-अलग रंगों और कपड़ों के कलेक्शन तैयार रखे जा रहे हैं।

इस सीजन के प्रमुख ट्रेंड

-पेवर साफा :पारंपरिक विवाह समारोहों में सांस्कृतिक पहचान और विरासत का प्रतीक।

- जॉर्जेट साफा : आकर्षक बनावट और प्रीमियम लुक के कारण युवाओं की पसंद।

- ठाकुरजी जॉर्जेट : पारंपरिक शैली और आधुनिक प्रस्तुति का मेल।

- राजा शाही साफा : विवाह आयोजनों के लिए विशेष डिजाइन।

- मल्टीकलर साफा :रंगों के नए संयोजन के साथ बदलते फैशन का अंदाज।

- मलमल साफा : पारंपरिक पसंद के साथ हल्के कपड़े का विकल्प।

एक्सपर्ट व्यू : साफा पहनावा नहीं, जैसलमेर की पहचान

जैसलमेर में पेवर साफों का महत्व केवल फैशन तक सीमित नहीं है। ये पूर्वजों से मिली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। शादी समारोहों में आज भी इनकी विशेष मांग रहती है। हालांकि नई पीढ़ी की पसंद के अनुसार जॉर्जेट, मल्टीकलर और नए डिजाइन भी लोकप्रिय हो रहे हैं। साफा कारोबार में पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के कलेक्शन की जरूरत बढ़ी है।

- देवीसिंह भाटी, लोक संस्कृति और फैशन विशेषज्ञ

बाजार में फैशन के साथ विरासत की भी मांग

जैसलमेर के साफा कारोबार की खासियत यह है कि यहां फैशन बदल रहा है, लेकिन परंपरा अपनी जगह कायम रखे हुए है। एक तरफ युवा दूल्हे नए डिजाइन और आकर्षक रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं, दूसरी तरफ परिवार पारंपरिक पेवर साफों को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देख रहे हैं। यही दोहरी पसंद स्थानीय साफा हाउस के कारोबार को नई दिशा दे रही है। इस सीजन साफों के बाजार में रंगों के साथ पीढ़ियों की पसंद का बदलाव भी दिखाई दे रहा है।