जैसलमेर. पंचायती राज चुनाव के नतीजों ने जैसलमेर में भाजपा की ग्रामीण सियासत की कमजोर होती जमीन की तस्वीर सामने रखी है। प्रदेश में सत्ता, जनप्रतिनिधियों और संगठन की मौजूदगी के बावजूद पार्टी ग्रामीण मतदाताओं का भरोसा जीतने में विफल रही। चुनाव में अकाल, पेयजल संकट, आमजन की सुनवाई नहीं होना, ओरण-गोचर संरक्षण और कंपनियों को जमीन आवंटन जैसे मुद्दे स्थानीय नाराजगी के केंद्र में रहे। भाजपा इन मुद्दों पर प्रभावी पक्ष रखने में पिछड़ती दिखाई दी। दूसरी ओर, कांग्रेस ने गुटीय खींचतान के बावजूद चुनावी एकजुटता दिखाई और ग्रामीण असंतोष को अपने पक्ष में मोड़ने की रणनीति अपनाई। उधर, जिला प्रमुख और पंचायत समितियों के प्रधान पदों के आरक्षण पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे। इससे कई दावेदारों के राजनीतिक समीकरण बिगड़े। टिकट और पद की संभावनाएं प्रभावित होने से नेता निष्क्रिय हो गए और मैदान में कहीं नजर नहीं आए। ग्रामीण क्षेत्रों में अकाल और पानी की समस्या को लेकर नाराजगी चुनावी माहौल में दिखाई दी। ग्रामीणों का आरोप रहा कि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को प्रशासन और सरकार के सामने मजबूती से नहीं उठा सके। कांग्रेस ने इसे प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया।