
जिला परिषद जैसलमेर कार्यालय।
जैसलमेर। जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की एकतरफा जीत के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी पर पार्टी का कब्जा तय है। 21 वार्डों वाली जिला परिषद में कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा को करारी शिकस्त दी है। वहीं, जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित होने से कांग्रेस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपने चार विजयी सदस्यों में से किसी एक के नाम पर सहमति बनाने की है। बहुमत का आंकड़ा पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में होने के बावजूद पार्टी के भीतर जिला प्रमुख और उसके बाद उप प्रमुख का पद किसे दिया जाए, इसे लेकर पार्टी के दोनों गुटों फकीर और धनदेव गुटों के बीच ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। दूसरी ओर, जिले की कुछ पंचायत समितियों में भी प्रधान पद के लिए प्रत्याशी चयन में कांग्रेस को आपसी सहमति बनाने में जोर लगाना पड़ रहा है। दूसरी तरफ ज्यादातर जगहों पर खाली हाथ रहने वाली सत्ताधारी भाजपा की तरफ से खुहड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद हथियाने के लिए ताकत झोंकी जा रही है। 15 सदस्यों वाली इस समिति में कागजों में कांग्रेस के पास 9 सीटें होने से बहुमत का सीधा आंकड़ा है और भाजपा 6 पर ठिठकी हुई है। लेकिन अंदरखाने भाजपा की तरफ से कांग्रेस के कम से कम 2 सदस्यों की क्रॉस वोटिंग करवाकर प्रधान पद जीतने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जाता है कि प्रदेश स्तर से भी भाजपा का नेतृत्व चाहता है कि कम से कम इस समिति में प्रधान पद उनके खाते में आए।
जिला परिषद में कांग्रेस की प्रचण्ड जीत ने पार्टी को मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है, लेकिन जिला प्रमुख किसे बनाया जाए, इस पर मंथन जारी है। पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद का खेमा 21 वर्षीया संतोष कुमारी को इस पद पर आसीन करने का मन बना चुका है। जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव का गुट इसका ज्यादा विरोध करने की बजाय उप प्रमुख पद पर अपनी पसंद का व्यक्ति आसीन करना चाहता है। वैसे एसटी वर्ग से जीतकर आए चारों सदस्यों में से किसे जिला प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी जाए, इसे लेकर पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ वरिष्ठ नेतृत्व की भूमिका भी अहम रहेगी।
जिला परिषद में कांग्रेस के 20 सदस्य होने से जिला प्रमुख का चुनाव संख्याबल के लिहाज से एकतरफा नजर आ रहा है। भाजपा के लिए इस चुनाव में कोई अवसर नहीं है। हालांकि, कांग्रेस के लिए असली परीक्षा अपने ही खेमे में सर्वसम्मति बनाने की होगी। पार्टी के भीतर दो प्रमुख गुटों की सक्रियता और उनके नेताओं की पसंद को लेकर भी चर्चाएं हैं। ऐसे में संगठन की भूमिका निर्णायक हो सकती है। यदि समय रहते सभी दावेदारों और उनके समर्थकों को एकराय नहीं किया गया तो बहुमत वाली पार्टी के सामने ही असहज स्थिति पैदा हो सकती है।
जिला परिषद के साथ ही जिले की 10 पंचायत समितियों में प्रधान पदों को लेकर भी राजनीतिक दलों ने गुणा-भाग शुरू कर दिया है। पंचायत समिति चुनावों के परिणामों के बाद अब स्थानीय स्तर पर समर्थन जुटाने, सदस्यों से संपर्क साधने और अपने पक्ष में समीकरण बनाने की कवायद तेज होगी। कई जगह स्थानीय नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर रहेगी। जिला स्तर के बड़े नेताओं के साथ विधानसभा क्षेत्र के प्रभावशाली जनप्रतिनिधियों की भूमिका भी प्रधानों के चयन में महत्वपूर्ण रहने वाली है। चुनाव से पहले संभावित बाड़ेबंदी, सदस्यों को एकजुट रखने और विरोधी खेमे की रणनीति पर नजर रखने जैसे राजनीतिक दांव-पेच भी चर्चा में हैं। खास तौर पर उन पंचायत समितियों में मुकाबला दिलचस्प रहने की संभावना है, जहां बहुमत का अंतर कम है अथवा निर्दलीय सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
22 Nov 2026, 8:48 PM IST
Published on:
22 Nov 2026, 8:48 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़




