जैसलमेर. प्रदेश के शिक्षा विभाग में पदोन्नति और पदस्थापन के बीच लंबा अंतराल अब विभागीय व्यवस्था की बड़ी उलझन बनता जा रहा है। डीपीसी वर्ष 2024-25 के तहत पदोन्नत 2873 प्राचार्य करीब डेढ़ साल से विद्यालय आवंटन की प्रतीक्षा कर रहे हैं। 28 मई 2025 को पदोन्नति आदेश जारी होने के दो दिन बाद 30 मई को संबंधित कार्मिकों ने कार्यग्रहण भी कर लिया, लेकिन नए पद के अनुरूप विद्यालय आवंटन और पदस्थापन की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई है। स्थिति यह है कि विभाग चार बार काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर चुका है, लेकिन प्रत्येक बार कार्यक्रम निरस्त होने से पूरी प्रक्रिया अटक गई। डीपीसी वर्ष 2024-25 के तहत पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद कार्मिकों को काउंसलिंग के जरिए विद्यालय आवंटित किए जाने थे। इसके लिए विभाग ने चार बार कार्यक्रम घोषित किए, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण से प्रक्रिया निरस्त हो गई। लगातार कार्यक्रम निरस्त होने से पदोन्नत प्राचार्यों को अपने नए पद के अनुरूप पदस्थापन नहीं मिल पाया। पदोन्नति और कार्यग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद विद्यालय आवंटन का इंतजार बना हुआ है।