रामगढ़. सीमावर्ती रामगढ़ कस्बे में पेयजल संकट ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विडंबना यह है कि जिस क्षेत्र के आसपास नहरों का जाल बिछा है, वहां के बाशिंदों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। घरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से लोगों को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ रहा है। नियमित जलापूर्ति के अभाव में परिवारों पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। नहरों की मौजूदगी के बावजूद पेयजल के लिए संघर्ष करना ग्रामीणों के लिए परेशानी और व्यवस्था पर बड़ा सवाल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित जलापूर्ति नहीं होने से उन्हें अपने स्तर पर पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। टैंकरों से पानी मंगवाने पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही।