
जैसलमेर की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख संतोष कुमारी
जैसलमेर. जैसलमेलर के जिला प्रमुख के परिणाम ने राजनीति में एक नया इतिहास लिख दिया है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख चुन ली गई हैं। खास बात यह है कि महज 21 साल की उम्र में इस कुर्सी तक पहुंचने वाली वे जैसलमेर की सबसे युवा जिला प्रमुख बन गई हैं। इतना ही नहीं वा पूरे राजस्थान के पंचायती राज इतिहास की सबसे कम उम्र (युवा) की जिला प्रमुख बनी हैं इस जीत ने उन्हें पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना दिया है।
संतोष कुमारी के जिला प्रमुख बनने की कहानी किसी संयोग से कम नहीं है। चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होना अनिवार्य है और संतोष ने इसी साल 15 अक्टूबर को अपनी 21 साल की उम्र पूरी की है। यदि पंचायतीराज चुनाव पहले चरण में होते, तो शायद वे नामांकन दाखिल नहीं कर पातीं। लेकिन चुनाव के चौथे चरण तक पहुंचते-पहुंचते किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि वे मैदान में भी उतरीं और जिले की सबसे बड़ी कुर्सी पर जीत भी हासिल की।
संतोष कुमारी के निजी जीवन की बात करें, तो उन्होंने बीए (BA) तक पढ़ाई की है और वे अभी अविवाहित हैं। वे एक पढ़े-लिखे ग्रामीण परिवार से आती हैं। उनके पिता चौथाराम भील ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। घर में शुरू से ही पढ़ाई और सरकारी कामकाज का माहौल होने की वजह से उन्हें गांव के प्रशासन और कागजी कामकाज की अच्छी समझ है। हालांकि, अब उनके कंधों पर पूरे जैसलमेर जिले के विकास और पंचायती राज व्यवस्था को चलाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
जिला प्रमुख बनने के बाद संतोष कुमारी ने कहा कि वे जैसलमेर की जनता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को धन्यवाद देती हैं, जिन्होंने उन पर विश्वास जताया और उन्हें इस पद तक लेकर आए। उन्होंने आगे कहा कि वे आप सबके साथ रहकर विकास कार्यों में पूरा सहयोग करेंगी। इसके साथ ही संतोष कुमारी ने कहा कि वे महिलाओं को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आगे लाने का प्रयास करेंगी।
इस बार जैसलमेर जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए आरक्षित था। जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को महज 1 सीट मिली। भाजपा के पास ST वर्ग का कोई उम्मीदवार नहीं होने के कारण वह पर्चा तक नहीं भर सकी। वहीं, कांग्रेस में चार दावेदारों के बीच आपसी सहमति बनने से संतोष कुमारी के नाम पर मुहर लगी और वे निर्विरोध जिला प्रमुख बन गईं।
संतोष कुमारी ने जैसलमेर जिला परिषद के वार्ड नंबर 21 से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने अपने सामने खड़े उम्मीदवार को 6,208 वोटों के बड़े अंतर से हराया। कांग्रेस ने एक योजना के तहत इस सामान्य सीट पर अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग की युवा उम्मीदवार को चुनाव में उतारा था।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
25 Nov 2026, 1:45 PM IST
Published on:
25 Nov 2026, 1:28 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026




