जैसलमेर

jaisalmer: 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, सामूहिक त्यागपत्र देने की चेतावनी

108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों ने वेतन विसंगतियों, मनमानी कटौती और कार्य परिस्थितियों को लेकर विरोध जताया है। जैसलमेर जिला यूनियन ने सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपकर समान काम के लिए समान वेतन सहित विभिन्न मांगें उठाई हैं। यूनियन ने 30 दिन में समाधान नहीं होने पर सामूहिक त्यागपत्र देने की चेतावनी देकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 9:00 PM IST
jaisalmer news
जैसलमेर. सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपते हुए।

जैसलमेर. आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 एंबुलेंस में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है। 108 एंबुलेंस जैसलमेर जिला यूनियन की ओर से बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन भेजकर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई। यूनियन ने चेतावनी दी है कि 30 दिन के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर कर्मचारी सामूहिक त्यागपत्र देने के लिए बाध्य होंगे।

समान कार्य के लिए समान वेतन, वेतन कटौती बंद करने और पर्याप्त स्टाफ लगाने की मांग

ज्ञापन में बताया कि कर्मचारी दिन-रात आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाओं और उचित पारिश्रमिक के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। यूनियन ने समान कार्य के लिए समान वेतन, वेतन वृद्धि तथा बिना उचित कारण की जा रही वेतन कटौती बंद करने की मांग उठाई है। साथ ही कंपनी पर मनमाने तरीके से वेतन काटने का आरोप लगाते हुए अब तक की कटौतियों की जांच कर राशि लौटाने की मांग की है। यूनियन ने बताया कि जैसलमेर से जोधपुर तक करीब 600 किलोमीटर की दूरी के रेफरल यात्रा होने के बावजूद कई बार एक ही चालक से लगातार वाहन चलवाया जाता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पर्याप्त पायलट और चालक नियुक्त करने तथा लंबी यात्रा के बाद अनिवार्य विश्राम देने की मांग की गई है।

मरीज की सुरक्षा से समझौता नहीं हो

ज्ञापन में एंबुलेंस कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव समाप्त करने, इएमटी (नर्सिंग स्टाफ) पर एंबुलेंस चलाने का दबाव नहीं बनाने तथा इसके लिए प्रशिक्षित चालक नियुक्त करने की मांग की गई है। उन्हें वाहन चलाने की अतिरिक्त जिम्मेदारी से मरीज की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा जैसलमेर मुख्यालय पर कर्मचारियों के लिए विश्राम और ठहरने की व्यवस्था, पर्याप्त अवकाश तथा मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियों से राहत देने की मांग भी उठाई गई है। ज्ञापन देने वालों में नारायणसिंह, दीनदयाल, रतन, विकास आदि शामिल थे।

Updated on:
18 Nov 2026, 9:00 PM IST
Published on: