जैसलमेर

jaisalmer: बस्ती से निकल रही 132 केवी की हाइटेंशन तारें… हादसे की सता रही आशंका

पोकरण कस्बे का विस्तार अब उन इलाकों तक पहुंच गया है, जहां कभी आबादी से दूर गुजरने वाली हाइटेंशन विद्युत लाइनें थीं। इन लाइनों के नीचे बस्तियां बसने के साथ बहुमंजिला इमारतें भी खड़ी हो रही हैं, जिससे हजारों लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। हैरानी यह है कि जमीनों की खरीद-फरोख्त और धड़ाधड़ बसती कॉलोनियों के बीच जिम्मेदार विभागों की निगरानी नदारद है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 8:37 PM IST
jaisalmer
पोकरण. शिवपुरा में बस्ती के बीच से मकानों के ऊपर से निकल रही हाइटेंशन विद्युत तारें। पत्रिका

पोकरण. वर्षों पूर्व कस्बे के आबादी क्षेत्र से बाहर निकाली गई हाइपॉवर विद्युत लाइनें वर्तमान में आबादी के बीचोंबीच आ गई है। कस्बे के चारों ओर से गुजर रही हाइपॉवर लाइनों के नीचे ही कई बस्तियां आबाद हो गई है। ऐसे में बस्ती के निवासियों पर हर वक्त जान का खतरा बना हुआ। यहां न तो जिम्मेदार ध्यान दे रहे है, न ही अपने आशियाने बनाने वाले। ऐसे में कभी किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। पोकरण में ऐसी हाइटेंशन विद्युत लाइनों के नीचे आशियाने बनाने वाले लोगों की बड़ी जमात है। इसमें कई अतिक्रमण करके बस गए है तो कई वैध रूप से बसे है। जबकि हाइटेंशन विद्युत लाइनों के ढीले तार कभी भी जानलेवा बन सकेंगे। इस खतरे से अनजान लोग यहां धड़ाधड़ बस रहे है और कई मंजिला इमारतें भी बना रहे है। कहीं जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों ने कॉलोनियां काट दी है तो कई जमीनों के बढ़ते भाव के चलते खतरे से खेलने को उतारू हो रहे है। जबकि जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे है।

..तब जिम्मेदारों ने नहीं दिया ध्यान

ग्रिड सब स्टेशन से 11 केवी हो या 33 केवी की लाइनें सभी कस्बे के बाहर से खींची गई है। बाहरी इलाकों से ही हाइटेंशन लाइनें जाती है। जब ये विद्युत लाइनें लगाई गई थी, उस समय यहां एक प्रकार से सूनसान जंगल हुआ करता था, लेकिन बीते दो दशकों में कस्बे के बाहरी इलाकों में खाली पड़ी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर कई बस्तियां बस गई। उक्त सिलसिला बदस्तूर आज भी जारी है। एक ओर लोग विद्युत लाइनों के नीचे बसते गए और दूसरी ओर जिम्मेदार अधिकारी इन्हें देखते ही रहे। कई बार लोगों को विद्युत लाइनों के खतरे का आभास भी होता रहा, लेकिन आसमान छूते जमीनों के भाव में अपने आशियाने बरकरार रखे।

पूर्व में हो चुके हादसे

इसे लोगों की लापरवाही कहें या फिर डिस्कॉम अधिकारियों की उदासीनता। पोकरण स्थित 132 केवी जीएसएस से काली मगरी गांव जाने वाली विद्युत लाइनों के ढीले तारों की चपेट में आने से बीते डेढ़ दशक में दो इंसानों व दो पशुओं की जानें जा चुकी है। कुछ जगहों पर तो कई लोग घायल होकर जिंदगीभर के लिए दिव्यांगता से भी पीडि़त हो गए है। इसके बावजूद डिस्कॉम अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। कस्बे के शिवपुरा व खींवज मंदिर के आसपास करीब एक दशक पूर्व कई लोग करंट की चपेट में आ गए थे।

यहां घरों से छू-कर निकल रहा है खतरा

कस्बे के शिवपुरा व माधोपुरा बस्ती में हालात बहुत विकट है। यहां घरों के ठीक ऊपर से हाइटेंशन विद्युत तारें निकल रही है। साथ ही कुछ जगहों पर तो नीचे भी झूल रही है। जिसके कारण यहां हर समय बड़े हादसे का भय बना रहता है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की ओर से तारों को अन्यंत्र शिफ्ट करने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

कई बार करवाया अवगत

हाइटेंशन तारों को शिफ्ट करने को लेकर कई बार जिम्मेदारों को अवगत करवाया गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे हर वक्त हादसे का भय रहता है।

- नखताराम, स्थानीय निवासी

हादसे की सता रही आशंका

इन हाइटेंशन विद्युत तारों की चपेट में आने से पूर्व में कई बार हादसे को चुके है। अब यहां घनी आबादी निवास करती है। ऐसे में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

- सिकंदर, स्थानीय निवासी

Updated on:
29 Nov 2026, 8:37 PM IST
Published on: