
जैसलमेर. मोहनगढ़ स्थित बाड़मेर लिफ्ट परियोजना की डिग्गी में है पानी।
जैसलमेर. स्वर्णनगरी की पहचान पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर चमक रही है, लेकिन शहर की पेयजल व्यवस्था आमजन के लिए लगातार परेशानी का सबब बनी हुई है। गर्मी का मौसम बीत चुका है और सर्दी ने दस्तक दे दी है, लेकिन शहरवासियों को नलों में पानी आने के लिए पांच से छह दिन इंतजार करना पड़ रहा है। घरों की जरूरतें पूरी करने के लिए सैकड़ों रुपए खर्च कर टैंकर मंगवाना मजबूरी बन गया है। सबसे गंभीर विरोधाभास यह है कि शहर के प्रमुख जलस्रोत मोहनगढ़ स्थित बाड़मेर लिफ्ट परियोजना के हेडवर्क्स से नवंबर में औसतन 13.27 मिलियन लीटर (एमएल) प्रतिदिन पानी की पंपिंग हुई। इसके बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं होना विभागीय वितरण व्यवस्था और निगरानी तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
नवंबर में 27 दिन हुई पंपिंग के दौरान कुल 358.28 एमएल पानी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान पंप 519 घंटे 40 मिनट संचालित रहे। यानी प्रतिदिन औसतन 19 घंटे से अधिक पंपिंग हुई। तारीखवार रिकॉर्ड के अनुसार 24 नवंबर को सर्वाधिक 16.147 एमएल और 13 नवंबर को 15.495 एमएल पानी पंप किया गया। वहीं 26 नवंबर को यह मात्रा घटकर 4.309 एमएल रह गई तथा 27 नवंबर को लाइन रखरखाव के कारण पंपिंग बंद रही। आंकड़े बताते हैं कि स्रोत पर पानी उठाने की प्रक्रिया जारी रही, लेकिन इसका लाभ शहरवासियों को नियमित आपूर्ति के रूप में नहीं मिला। उपलब्धता और उपभोक्ताओं तक पहुंच के बीच का यही अंतर व्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौती है।
शहर के अलग-अलग जोन में जलापूर्ति की अवधि में भी बड़ा अंतर सामने आ रहा है। कहीं दो से ढाई घंटे तक पानी दिया जा रहा है तो कहीं महज 40 से 45 मिनट में आपूर्ति बंद हो जाती है। नवंबर में बिजली व्यवधान के कारण कुल 97 घंटे 24 मिनट विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इससे पंपिंग प्रभावित होना स्वाभाविक है, लेकिन पांच-छह दिन के अंतराल की पूरी वजह बिजली समस्या नहीं हो सकती। खुले इलाकों और नई कॉलोनियों में लोग टैंकर मंगवा लेते हैं, लेकिन अंदरूनी शहर की संकरी गलियों में टैंकरों की पहुंच भी आसान नहीं है। ऐसे में वहां रहने वाले परिवारों की परेशानी और गंभीर हो जाती है।
पानी की उपलब्धता का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब वितरण की पूरी शृंखला पर प्रभावी निगरानी हो। किस टंकी में कितना पानी पहुंचा, किस जोन को कितनी देर आपूर्ति मिली और किन मोहल्लों में कम दबाव की समस्या है, इसका नियमित रिकॉर्ड जरूरी है। लीकेज की पहचान, समयबद्ध मरम्मत और समान वितरण की व्यवस्था के बिना पंपिंग के आंकड़े आमजन की परेशानी दूर नहीं कर सकते। स्थानीय निवासी देवीदान सिंह और भंवरूराम का कहना है कि पांच-छह दिन में पानी मिलने से घरेलू बजट बिगड़ रहा है। विभाग को सभी मोहल्लों और कॉलोनियों में पर्याप्त दबाव के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उदासीनता भी लोगों के बीच नाराजगी का विषय बनी हुई है।
• नवंबर में कुल पंपिंग : 358.28 एमएल
• औसत दैनिक पंपिंग : 13.27 एमएल
• पंपिंग वाले दिन : 27
• कुल पंप संचालन : 519 घंटे 40 मिनट
• बिजली व्यवधान : 97 घंटे 24 मिनट
• शहर में जलापूर्ति का अंतराल : 5 से 6 दिन
• 24 नवंबर को सर्वाधिक पंपिंग : 16.147 एमएल
• 13 नवंबर को पंपिंग : 15.495 एमएल
• 26 नवंबर को पंपिंग : 4.309 एमएल
• 27 नवंबर को लाइन रखरखाव के कारण पंपिंग बंद।
जलापूर्ति का मूल्यांकन केवल स्रोत से पंप किए गए पानी के आधार पर नहीं किया जा सकता। टंकियों में पहुंचने वाली मात्रा, जोनवार वितरण, पाइपलाइन का दबाव और उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाले पानी का नियमित ऑडिट जरूरी है। लीकेज नियंत्रण के साथ मोहल्लावार आपूर्ति का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने से जवाबदेही तय हो सकती है।
जल्द सुधर जाएगी व्यवस्था
जैसलमेर शहर में जलापूर्ति व्यवस्था आगामी दो-तीन दिनों में पूरी तरह से पटरी पर आ जाएगी। लाइनों की मोनेटरिंग करने पर लीकेज सामने आए थे, जिन्हें दुरुस्त करवा दिया गया है।
- रामनिवास रैगर, अधीक्षण अभियंता, जलदाय, जैसलमेर
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 8:47 PM IST
Published on:
29 Nov 2026, 8:47 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़




