रामगढ़. सीमावर्ती रामगढ़ क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की नियमित अनुपस्थिति के चलते मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को उपचार की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचे मरीज घंटों चिकित्सकों का इंतजार करते रहे, लेकिन अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लगाए गए चिकित्सक भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। ऐसे में मरीजों को बिना उपचार करवाए ही वापस लौटना पड़ा। कई मरीज निजी अस्पतालों में उपचार करवाने को मजबूर हुए। चिंताजनक स्थिति यह है कि दो दिन पहले ही चिकित्सकों की कमी और अस्पताल की अव्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर विरोध जताया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इस विरोध के बाद चिकित्सा विभाग गंभीरता दिखाएगा और अस्पताल में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करेगा, लेकिन विरोध के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे चिकित्सा विभाग की कार्यप्रणाली और ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति उसकी संवेदनशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।