28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaisalmer / jaisalmer: पटवा हवेलियों की गलियों में तिपहिया टैक्सियों का कब्जा, पर्यटकों और बाशिंदों की राह दुश्वार

jaisalmer: पटवा हवेलियों की गलियों में तिपहिया टैक्सियों का कब्जा, पर्यटकों और बाशिंदों की राह दुश्वार

विश्वविख्यात पटवा हवेलियों की खूबसूरती निहारने पहुंच रहे सैलानियों के सामने इन दिनों जाम बड़ी परेशानी बन गया है। संकरी गलियों में तिपहिया टैक्सियों की बेतरतीब आवाजाही से दिनभर यातायात बाधित हो रहा है। ऐतिहासिक विरासत क्षेत्र में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बीच अव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जैसलमेर

•

image

Deepak Vyas

•

Updated: 28 Nov 2026, 8:56 PM IST

jaisalmer news

जैसलमेर. विश्व विख्यात पटवा हवेलियों के पास टैक्सियों के कारण लगता है जाम।

जैसलमेर. स्वर्णनगरी की विश्वविख्यात पटवा हवेलियों को निहारने के लिए इन दिनों देशी-विदेशी सैलानियों की भारी आवक हो रही है। पर्यटन सीजन में हवेलियों की खूबसूरती देखने और यहां की ऐतिहासिक स्थापत्य कला को कैमरे में कैद करने पहुंच रहे पर्यटकों के बीच एक दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। पटवा हवेलियों के आसपास की संकरी गलियां बेशुमार तिपहिया टैक्सियों की आवाजाही से दिनभर जाम की गिरफ्त में रहती हैं। पर्यटकों को लाने-ले जाने वाली इन टैक्सियों की अनियंत्रित आवाजाही ने इस ऐतिहासिक क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। हालात यह हैं कि कई बार गलियों में एक साथ दो टैक्सियां आमने-सामने आ जाने से रास्ता अवरुद्ध हो जाता है और वाहनों की कतार लग जाती है।

ऐतिहासिक विरासत का हिस्सा

पटवा हवेलियों के आसपास का क्षेत्र अपनी संकरी गलियों, पारंपरिक स्थापत्य और ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है। यहां पैदल घूमना और हवेलियों की बारीक नक्काशी को करीब से देखना पर्यटकों के आकर्षण का हिस्सा है, लेकिन तिपहिया टैक्सियों की लगातार आवाजाही इस अनुभव को प्रभावित कर रही है। जैन भवन के आगे से लेकर केला पाड़ा, कुम्हार पाड़ा, शारदा पाड़ा, आचार्य पाड़ा आदि गलियों में टैक्सियों के आने-जाने और रुकने से पैदल चलने वालों के लिए भी जगह कम पड़ जाती है। कई बार पर्यटकों को वाहनों के बीच से रास्ता बनाकर निकलना पड़ता है। पर्यटन सीजन के दौरान पटवा हवेलियों के आसपास तिपहिया टैक्सियों की आवाजाही सबसे अधिक बनी रहती है। पर्यटकों को लाने और छोडऩे के लिए इनका लगातार आना-जाना लगा रहता है। संकरी गलियों में वाहनों की संख्या बढऩे से यातायात का दबाव भी बढ़ जाता है। कई बार एक टैक्सी के आगे निकलने की कोशिश में दूसरी टैक्सी फंस जाती है।

हॉर्न के शोर से बाशिंदे परेशान

पटवा हवेलियों के आसपास केवल यातायात जाम ही समस्या नहीं है, बल्कि टैक्सियों के लगातार हॉर्न और शोर-शराबे से स्थानीय बाशिंदे भी परेशान हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही के कारण इस ऐतिहासिक क्षेत्र का शांत वातावरण प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही भी इससे बाधित होती है। पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र में पैदल पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और वाहनों के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत महसूस की जा रही है। ऐसे ही घरों के बाहर गलियों में खेलने वाले मासूम बच्चों को भी बढ़े हुए यातायात से खतरा बन गया है।

आमजन जता रहे परेशानी

पटवा हवेलियों से लेकर सोनार दुर्ग और गड़ीसर सरोवर के आसपास भी तिपहिया टैक्सियों की बढ़ती आवाजाही से यातायात प्रभावित हो रहा है। शहर के ढिब्बा पाड़ा का चौक पूरी तरह से टैक्सियों से भरा रहता है। सैलानियों सहित स्थानीय लोगो को आवाजाही में खासी तकलीफ उठानी पड़ रही है।

- आदित्य कुमार, जैसलमेर

किला पार्किंग जहां अब नया टैक्सी स्टैंड बनाया गया है, उसके आसपास के हालात तो और विकट हैं। पर्यटन सीजन में बढ़ते दबाव को देखते हुए यहां तिपहिया टैक्सियों के लिए निर्धारित ठहराव स्थल, व्यवस्थित पार्किंग और आवाजाही के नियमन की आवश्यकता है, ताकि परेशानी से राहत मिल सके।

- पंकज सिंह, जैसलमेर