जैसलमेर में 142 नए संक्रमित, 561 रिकवर
जैसलमेर. जिले के लिए कोरोना के मोर्चे से शनिवार को भी अच्छी खबर आई। इस महामारी का ग्राफ अब लगातार धीमा हो रहा है। कुल 1721 कोरोना सेंपल की जांच में 142 जने पॉजिटिव पाए गए। 730 सैंपल की जांच आरटीपीसीआर तथा 991 की जांच रेपिड एंटीजन टेस्ट के माध्यम से की गई। इस तरह संक्रमण दर 8.25 प्रतिशत तक आ गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी ने बताया कि 48 पॉजिटिव केस ब्लॉक जैसलमेर 50 ब्लॉक सम, 33 पोकरण ग्रामीण क्षेत्र, 8 जैसलमेर शहर व 3 पोकरण शहरी क्षेत्र के हैं। इसी तरह से 561 जने कोरोना से रिकवर हो गए। जिले में अब तक कुल 17246 जने संक्रमित पाए गए हैं।
70 प्रतिशत से ज्यादा संक्रमित रिकवर
सीएमएचओ डॉ. कमलेश चौधरी ने बताया कि अब जिले में लगभग 3500 कोरोना संक्रमितों को छोड़कर शेष 70 प्रतिशत से ज्यादा रिकवर हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार ज्यादा से ज्यादा मामलों को ट्रेस करने के लिए जिले में बड़े पैमाने पर रेपिड एंटीजन टेस्ट करवाए जा रहे हैं, ताकि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों तक में पॉजिटिव केसेज समय पर पकड़े जा सकें। उन्होंने स्वीकार किया कि आरटीपीसीआर 70 प्रतिशत तक संक्रमण के मामलों को ट्रेस करती है, जबकि एंटीजन टेस्ट की क्षमता उससे कम 50 प्रतिशत तक है। फिर भी इसके जरिए सैकड़ों लोगों की जांच हो पा रही है और नतीजे सामने आने पर संक्रमितों का उपचार समय पर शुरू हो जाता है।