
पोकरण. आजादी से पूर्व 1936 में स्थापित हुई पोकरण नगरपालिका के आम चुनाव के अंतर्गत शुक्रवार को मतदान होगा। जिसको लेकर प्रशासन व पुलिस की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। गौरतलब है कि भारत-पाक सीमा पर स्थित सरहदी जिले जैसलमेर के परमाणु नगरी नाम से विख्यात पोकरण की नगरपालिका के चुनाव की प्रक्रिया गत 27 अगस्त को शुरू हुई थी। पोकरण के 25 वार्डों में भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीयोंं सहित कुल 74 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे है। इन 25 वार्डों में शुक्रवार को मतदान होगा। जिसको लेकर प्रशासन की ओर से मतदान केन्द्रों पर सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किया गया है। इसके साथ ही पुलिस की ओर से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और मतदाताओं को सुरक्षित व भयमुक्त मतदान के लिए पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जिसको लेकर मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर गुरुवार शाम तक पहुंच चुके है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कार्य संपन्न करवाने के लिए मतदान दलों की ओर से अपने मतदान केन्द्रों पर तैयारियां पूर्ण की जाएगी।
पोकरण के वार्ड संख्या 1 से 25 में शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए 26 मतदान केन्द्रों की स्थापना की गई है। यहां 17 हजार 675 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें 9224 पुरुष और 8451 महिला मतदाता शामिल है। निर्वाचन अधिकारी व उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण ने बताया कि वार्ड संख्या 1 में 1527, 2 में 620, 3 में 479, 4 में 589, 5 में 520, 6 में 568, 7 में 462, 8 में 777, 9 मेें 737, 10 में 653, 11 में 693, 12 में 580, 13 में 985, 14 में 456, 15 में 748, 16 में 485, 17 में 958, 18 में 792, 19 में 535, 20 में 1304, 21 में 450, 22 में 663, 23 में 235, 24 में 648 और वार्ड संख्या 25 में 1211 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
पोकरण में भाजपा की ओर से सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारे गए है। जबकि कांग्रेस की ओर से 21 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है और 4 वार्डों में निर्दलीयों को समर्थन दिया गया है। पोकरण के वार्ड संख्या 1, 5, 6, 7, 8, 11, 13, 16, 22 व 23 में दो-दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है। ऐसे में इन वार्डों में आमने-सामने सीधी टक्कर रहेगी।
नगरपालिका चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान को लेकर पुलिस की ओर से कस्बे के मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थानाधिकारी मनीष सोनी ने बताया कि शुक्रवार को पार्षद पदों को लेकर होने वाले चुनाव को लेकर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल की व्यवस्था की गई है। सभी 25 वार्डों के लिए पुलिस, आरएसी व होमगार्ड के 200 से अधिक जवान तैनात किए गए है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया है। इसी प्रकार अलग-अलग मोबाइल पार्टियां भी बनाई गई है, जो क्षेत्रवार गश्त कर कानून एवं शांति व्यवस्था पर नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा। साथ ही संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा, ताकि शांतिपूर्ण, भयमुक्त व निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सके।
निर्वाचन अधिकारी की ओर से कस्बे के 9 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। निर्वाचन अधिकारी हीरसिंह चारण ने कस्बे के वार्ड संख्या 1, 2, 3, 4, 5, 7, 24 व 25 को संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया है। यहां पुलिस की ओर से अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया जाएगा।
- 2010 में अध्यक्ष पद के लिए सीधे मतदाताओं से चुनाव हुआ था। इस दौरान 13184 मतदाताओं में से 10638 जनों ने मतदान किया था।
- 80.68 प्रतिशत मतदान हुआ था।
- 2015 में 14051 में से 12454 मतदाताओं ने 88.63 प्रतिशत मतदान किया था।
- 2021 में रिकॉर्ड 90.5 प्रतिशत मतदान हुआ था। 15732 मतदाताओं में से 14244 जनों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था।
नगरपालिका के लिए शुक्रवार को होने वाले मतदान को लेकर सभी मतदान दलों को गुरुवार को सामग्री का वितरण किया गया। दोपहर बाद मतदान दल अपने-अपने केन्द्रों पर पहुंच गए। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कार्य संपन्न करवाने के लिए सभी मतदान दलों ने देर शाम तक तैयारियां पूर्ण कर ली है।