जैसलमेर

240 ने करवाई आंखों की जांच, 102 के लैंस प्रत्यारोपण

240 ने करवाई आंखों की जांच, 102 के लैंस प्रत्यारोपण
2 min read
• •
Updated: 28 Jun 2021, 12:34 PM IST
240 ने करवाई आंखों की जांच, 102 के लैंस प्रत्यारोपण
240 ने करवाई आंखों की जांच, 102 के लैंस प्रत्यारोपण

जैसलमेर. जन सेवा समिति जैसलमेर एवं जिला अंधता निवारण समिति के संयुक्त तत्वावधान में मोहिनीदेवी भाटिया एवं भंवरलाल भाटिया की ओर से प्रायोजित समिति के 163 वें नेत्र चिकित्सा शिविर में 240 मरीजो ने आंखों की जांच करवाकर परामर्श लिया। प्रवक्ता अमृत भूतड़ा ने बताया कि समिति की नेत्र यूनिट बिसानी नेत्र चिकित्सा केंद्र में 25 तारीख को आयोजित नेत्र चिकित्सा शिविर में 122 रोगियों को ऑपरेशन के लिए भर्ती किया गया। ऑपरेशन से पूर्व सभी प्रकार की जांच के बाद 102 मरीज ऑपरेशन के लिए उपयुक्त पाए गए। इन सभी का ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किए गए। शेष 20 मरीजों को परामर्श देकर छुट्टी दी गई। शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्रायोजक भंवरलाल भाटिया का स्वागत समिति अध्यक्ष डॉ. दाऊलाल शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर किया। उनकी धर्मपत्नी मोहिनी देवी का समिति कार्यकर्ता भगवती गोस्वामी ने शाल ओढ़ाकर किया। उनके परिवार से महेंद्र भाटिया, दमयन्ती भाटिया, प्रमोद भाटिया सीए, अशोक भाटिया, अनिता भाटिया आदि का जन सेवा समिति ने शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भंवरलाल भाटिया ने कहा कि समिति की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं में मेरे चाचा समाजसेवी अमृतलाल भाटिया की ओर से रोपित यह समिति रूपी वट वृक्ष उचित देख रेख व कुशल नेतृत्व में पनप रहा है। उनके द्वारा 1991 में शुरू की गई नि:शुल्क होम्योपैथी चिकित्सालय निरन्तर चालू है। यह एक सुखद अनुभूति है। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष डॉ. दाऊलाल शर्मा ने समिति की ओर से दी जा रही अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समिति के सचिव एमएल टावरी ने बताया कि शिविर प्रायोजक भंवरलाल भाटिया परिवार का शिविर प्रायोजन के लिए समिति अध्यक्ष डॉ. दाऊलाल शर्मा ने आभार जताया। उन्होंने सभी मरीजो को दवाइयों का किट बांटते हुए ऑपरेशन के बाद बरती जाने वाली सावधानियों के बारे जानकारी दी और जरूरत पडऩे पर दुबारा जांच के लिए आवश्यक रूप से आने की हिदायत दी।
इस अवसर पर समिति के सदस्य हरिवल्लभ ओझा, त्रिलोकचंद खत्री, मदनलाल डांगरा, सत्यनारायण छंगानी, चेनाराम, मोहनलाल भाटिया, मनोहरलाल केला, आशाराम सिंधी, सुशील भाटिया आदि उपस्थित थे। शिविर में कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया। संचालन अमृत भूतड़ा ने किया।

Published on: