
लाठी @ पत्रिका. क्षेत्र के केरालिया गांव स्थित 33/11 केवी जीएसएस पर शनिवार रात अज्ञात चोर पॉवर ट्रांसफार्मर से करीब 2500 लीटर तेल चोरी कर ले गए। चोरी किए गए तेल की बाजार कीमत करीब छह लाख रुपए बताई जा रही है। जीएसएस पर तेल चोरी की यह लगातार तीसरी घटना है, जिससे किसानों और ग्रामीणों में रोष है। जानकारी के अनुसार शनिवार रात अज्ञात चोर केरालिया स्थित डिस्कॉम के 33/11 केवी जीएसएस परिसर में घुसे। चोरों ने पॉवर ट्रांसफार्मर से तेल निकालकर मौके से फरार हो गए। रविवार सुबह डिस्कॉम कार्मिक जीएसएस पहुंचे तो परिसर में सामान बिखरा मिला और ट्रांसफार्मर के आसपास तेल फैला हुआ था।
जांच करने पर करीब 2500 लीटर तेल चोरी होने की जानकारी सामने आई। लगातार तीसरी बार चोरी से आक्रोशित अलसी सिंह, सेवानिवृत्त सैनिक प्रेमसिंह भाटी, प्रयाग सिंह, नगसिंह, मालमसिंह भाटी, मनफूल सिंह, सवाई सिंह, जुझार सिंह, मनोहरसिंह, नेनसिंह, भोमसिंह, देरावरसिंह, गुलाम खां, नूरे खां, रामसिंह, रणवीर सिंह, आईदानसिंह, दिलदार खां, शेरसिंह, मूलसिंह, समंदरसिंह, धनसिह सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण डिस्कॉम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रेमसिंह भाटी ने कहा कि जीएसएस जैसे महत्त्वपूर्ण विद्युत केंद्र पर बार-बार चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने जीएसएस की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा पूर्व की वारदातों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर डिस्कॉम के सहायक अभियंता सुनील मूलचंदानी, कनिष्ठ अभियंता पदमाराम चौधरी, कमलेश कुमार तथा लाठी थाने से सहायक उपनिरीक्षक पदमचंद गोयल, बद्रीनारायण पालीवाल सहित अधिकारी व पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और पुलिस ने जीएसएस परिसर का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर अज्ञात चोरों की तशव शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि चोरी की वारदातों का जल्द खुलासा नहीं किया और सुरक्षा में सुधार नहीं किया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
फलसूण्ड क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलसूण्ड थाना परिसर में सीएलजी बैठक हुई। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बैठक की अध्यक्षता की। प्रारंभ में पुलिस जवानों ने एसपी अभिषेक शिवहरे को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सीएलजी सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। अभिषेक शिवहरे ने आगामी रामदेवरा मेले की यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को नशामुक्त बनाना और अवैध गतिविधियों में लिप्त अपराधियों पर नकेल कसना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया। एसपी ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नशे की खरीद-बिक्री या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना झिझक सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक के बाद एसपी अभिषेक शिवहरे के नेतृत्व में थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान थानाधिकारी महादेव गोदारा सहित पुलिस स्टॉफ, सीएलजी सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।