जैसलमेर

दर्दनाक हादसा: गड्ढे में भरे पानी में डूबने से तीन सगे भाइयों समेत चार बच्चों की मौत

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Aug 19, 2018
 jaisalmer

जैसलमेर। फतेहगढ उपखण्ड क्षेत्र के कोडा गांव में रविवार को हुए दर्दनाक हादसा हो गया। चार बच्चों की नाडी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों को रो—रोकर बुरा हाल है।

बता दें कि शनिवार की शाम क्षेत्र में हुई बारिश के चलते नाडियों, तालाबों में पानी की अच्छी आवक हुई। गांव में रेत निकालने के लिए की गई खुदाई से हुए एक बड़े गड्ढे में भी पानी भरा हुआ था। रविवार को कोडा गांव में तीन सगे भाईयों सहित चार बच्चे खेत से लौट रहे थे। इस दौरान गड्ढे में जमा पानी में नहाने के लिए उतर गए।

चारों बच्चों की उस गड्ढे में डूब जाने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर आस पड़ौस से ग्रामीण एकत्र हुए और सांगड़ पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।

एक साथ चार बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर छा गई। हादसे में कोडा निवासी तीन सगे भाईयों भूपतदान (17), रविन्द्र (15), रमेश (13) पुत्र तेजदान और प्रवीण (13) पुत्र महिपालदान की मौत हुई है।

गौरतलब है कि शुक्रवार शाम एक वाहन के बरसाती नदी की चपेट में आने से उसमें सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। जबकि चालक और पांच महिलाएं जान बचाने में सफल रहे। इनमें से पांचों महिलाओं ने पेड़ पर चढ़कर जान बचाई जबकि चालक तैर कर पानी से बाहर किनारे पर आ गया था। यह हादसा जैसलमेर मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर की दूरी पर बरमसर गांव में पास हुआ था।

Published on:
19 Aug 2018 08:32 pm