5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: टायर फटा, तीन पलटियां खाकर सड़क से नीचे गिरी वैन, दस श्रद्धालु घायल

रामगढ़ क्षेत्र में शनिवार को लोंगेवाला वॉर म्यूजियम जा रही श्रद्धालुओं से भरी इको वैन टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह बड़े और चार बच्चों समेत वैन में सवार सभी 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें रामगढ़ सीएचसी पहुंचाया गया।
2 min read
Google source verification
accident news

घायलों को पहुंचाया जवाहर अस्पताल

रामगढ़ ( जैसलमेर ). लोंगेवाला वॉर म्यूजियम जाते समय शनिवार को रामगढ़ क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी इको वैन का टायर फटने से भीषण सड़क हादसा हो गया। टायर फटते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतरकर करीब तीन पलटियां खा गया। हादसे में वैन में सवार छह बड़े और चार बच्चों समेत सभी 10 लोग घायल हो गए। हादसा अचानक हुआ, जिससे वैन में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वैन से बाहर निकालकर उपचार के लिए रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

रामगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद जैसलमेर भेजे गए सभी घायल

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने घायलों की जांच कर प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए राजकीय जवाहिर चिकित्सालय, जैसलमेर रेफर किया गया। हादसे में एक बच्ची के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। बच्ची को बेहतर उपचार के लिए जोधपुर रेफर किया गया। वहीं, अन्य घायलों को हादसे में मामूली चोटें आई हैं। उनका जैसलमेर के अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। हादसे में किसी अन्य घायल की स्थिति गंभीर होने की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुरलीधर सोनी भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली। सीएमएचओ ने घायलों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गुजरात से दर्शन और जैसलमेर भ्रमण पर निकला था श्रद्धालुओं का दल

सभी श्रद्धालु गुजरात से बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने रामदेवरा आए थे। दर्शन के बाद श्रद्धालु जैसलमेर भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान वे लोंगेवाला वॉर म्यूजियम की ओर जा रहे थे। रास्ते में इको वैन का अचानक टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। वैन के करीब तीन बार पलटने के बावजूद किसी की जान नहीं गई। हादसे में जनहानि नहीं होने से परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस ने भी घटना की जानकारी जुटाई और हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू की।