
मोहनगढ़ क्षेत्र के ग्राम देऊंगा के खेत में मिला संदिग्ध यंत्र
मोहनगढ़ (जैसलमेर ). जिले के मोहनगढ़ क्षेत्र में शनिवार को देऊंगा गांव के पास एक खेत में आसमान से सफेद रंग की संदिग्ध वस्तु गिरने से कौतूहल का माहौल बन गया। खेत मालिक सखी खां मेरासी ने वस्तु को गिरा देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और गिरी हुई वस्तु का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह संदिग्ध वस्तु मौसम विभाग की ओर से मौसम संबंधी आंकड़े जुटाने के लिए उपयोग किए जाने वाले यंत्र जैसी प्रतीत हो रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। बताया गया कि ऐसे मौसम संबंधी यंत्रों का उपयोग तापमान, नमी, ऊंचाई, हवा की गति एवं दिशा तथा वायुदाब जैसी महत्त्वपूर्ण जानकारियां एकत्र करने में होता है। ये उपकरण मौसम की निगरानी और वायुमंडलीय परिस्थितियों के अध्ययन में सहायक होते हैं। पुलिस ने वस्तु का अवलोकन कर संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी है। वस्तु वास्तव में मौसम विभाग का यंत्र है या किसी अन्य स्रोत से संबंधित है, यह संबंधित विभाग की तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। खेत में संदिग्ध वस्तु गिरने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भी इसे लेकर उत्सुकता और चर्चाओं का दौर बना रहा।
जैसलमेर. जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीटीएम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने 42 किलो 880 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा के आदेश और महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण वीरेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी नाचना किशन सिंह के सुपरविजन में थाना स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पीटीएम थानाधिकारी रमेश ढाका के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने पुखराज थोरी पुत्र हनुमानराम जाट, निवासी 78 आरडी एसएलडी, ग्राम पंचायत शेखासर, थाना पीटीएम, जिला जैसलमेर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 42 किलो 880 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। मामले में पीटीएम थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में पीटीएम थानाधिकारी रमेश ढाका, सहायक उप निरीक्षक दीप सिंह, कांस्टेबल जोगाराम, रतिराम, मालाराम, विष्णु कुमार और थानाराम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल जोगाराम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।
Updated on:
05 Sept 2026 08:52 pm
Published on:
05 Sept 2026 08:52 pm
