-सुथारवाला- 113 आरडी क्षेत्र में हुआ हादसा
मोहनगढ़. मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में गुरूवार को बोलेरो केम्पर अनियंत्रित होकर पलटने से उसमें सवार चार जने घायल हो गए। सभी घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए मोहनगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस सहायक उपनिरीक्षक भगवान सिंह मय जाब्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली गई। जानकारी के अनुसार मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में आए सुथारवाला से 113 आरडी के बीच मोटर साईकिल को बचाने के प्रयास में बोलेरो केम्पर पलटी खा गई। हादसे में वाहन में सवार छ: में से चार जने घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ. केआर पंवार ने बताया कि रामचंद्र (27) पुत्र मूलाराम निवासी गोदारों की ढाणी, बाड़मेर, भोमाराम (25) पुत्र गंगाराम निवासी परेऊ, बाड़मेर, बाबूलाल (28) पुत्र भीखाराम निवासी गोदारों की ढाणी, बाडमेर, रामसिंह (19) पुत्र गुमानसिंह निवासी अर्जना घायल हो गए। रामचंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैपर कर दिया। मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में बोलेरों केम्पर के पलटने से घायल हुए चार व्यक्तियों में से तीन श्रमिक है। ये तीनों मजदूर सुथारवाला पर साहब राम के यहां काम करते है। यह तीनों मजदूर 113 आरडी से पहले आई फैक्टरी पर बोरियां उतारने के लिए जा रहे थे। सुथारवाला से ही ये तीनों बोलेरो केम्पर गाड़ी में सवार हुए थे। फैक्टरी पहुंचने से पहले ही गाड़ी के आगे चल रही मोटरसाईकिल को बचाने के प्रयास में बोलेरो पलट गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ.केआर पंवार की देखरेख में कम्पाउंडर रामलाल, मदनसिंह, सोनम प्रजापति ने घायलों का उपचार किया।