24 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Raipur Police Facebook: 9 महीने में रायपुर कमिश्नरेट के फेसबुक पर बढ़े डेढ़ लाख फॉलोअर्स, जानिए क्या है वजह

Raipur Police Facebook Followers: रायपुर कमिश्नरेट के फेसबुक पेज पर 9 महीने में डेढ़ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़े हैं। फेसबुक लाइव, जनता से संवाद और जागरूकता वीडियो इसकी लोकप्रियता की प्रमुख वजह बन रहे हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Shradha Jaiswal

•

Updated: 24 Oct 2026, 3:31 PM IST

Raipur Police Facebook

Raipur Police Facebook: 9 महीने में रायपुर कमिश्नरेट के फेसबुक पर बढ़े डेढ़ लाख फॉलोअर्स(photo-AI)

Raipur Police Facebook: छत्तीसगढ़ के रायपुर कमिश्नरेट की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। पिछले 9 महीनों में कमिश्नरेट के फेसबुक पेज पर डेढ़ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़े हैं। फिलहाल फेसबुक पर फॉलोअर्स की संख्या 1.64 लाख से अधिक हो चुकी है। फेसबुक लाइव, जनता से सीधा संवाद, एक्सपर्ट गाइडेंस और जागरूकता से जुड़े वीडियो लोगों को पसंद आ रहे हैं। पुलिस अब सोशल मीडिया के जरिए न केवल लोगों तक जानकारी पहुंचा रही है, बल्कि उनकी शिकायतों और समस्याओं को सुनने का भी प्रयास कर रही है।

Raipur Commissionerate: फेसबुक लाइव से जनता से सीधा संवाद

रायपुर कमिश्नरेट ने आम लोगों से जुड़ने के लिए 'संवाद से समाधान' अभियान शुरू किया था। इसके तहत डीसीपी स्तर के अधिकारी हर रविवार फेसबुक लाइव के जरिए लोगों से बातचीत करते थे। इस दौरान लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव साझा करते थे। साइबर क्राइम, ट्रैफिक व्यवस्था, नशे और शराब तस्करी जैसे मुद्दों पर लोग सवाल पूछते थे। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से मिली कई शिकायतों पर कार्रवाई भी की गई है। इस पहल से लोगों को अपनी बात सीधे पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने का मौका मिला।

पहले पुलिस अधिकारी, अब एक्सपर्ट भी आ रहे लाइव

शुरुआत में फेसबुक लाइव के जरिए पुलिस अधिकारी लोगों के सवालों का जवाब देते थे। अब इस पहल में अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों को भी शामिल किया जा रहा है। करियर गाइडेंस के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों और साइबर क्राइम से जुड़ी जानकारी देने के लिए साइबर एक्सपर्ट को लाइव सेशन में बुलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को सही जानकारी देना और रोजमर्रा की समस्याओं के प्रति जागरूक करना है।

9 महीने में बढ़े डेढ़ लाख से ज्यादा फॉलोअर्स

रायपुर कमिश्नरेट के फेसबुक पेज पर 1.64 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं। पिछले 9 महीनों में फॉलोअर्स की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। लाइव सेशन के अलावा जागरूकता से जुड़े वीडियो और रील्स भी लोगों तक पहुंच रहे हैं। फेसबुक के साथ-साथ इंस्टाग्राम और एक्स पर भी कमिश्नरेट की सक्रियता बढ़ाई गई है। इन प्लेटफॉर्म के जरिए पुलिस महत्वपूर्ण घटनाओं, नियमित कार्रवाई और जनहित से जुड़ी जानकारियां साझा करती है।

युवाओं तक पहुंचने पर खास जोर

आज बड़ी संख्या में युवा सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं। इसे देखते हुए रायपुर कमिश्नरेट भी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, ट्रैफिक नियमों, नशे के दुष्प्रभाव और तीज-त्योहारों से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की जाती है। विशेष अवसरों पर लोगों को सतर्क करने के लिए अलर्ट और जागरूकता संदेश भी जारी किए जाते हैं।

सोशल मीडिया से मिली शिकायतों पर होती है कार्रवाई

रायपुर की डीसीपी ट्रैफिक एंड प्रोटोकॉल अर्चना झा के अनुसार, पुलिस आम लोगों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर कई अभियान चला रही है। इसी कड़ी में अब अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञों के फेसबुक लाइव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन लाइव सेशन के जरिए लोग साइबर क्राइम, सोशल मीडिया और दूसरे विषयों पर अपनी बात रख सकते हैं और जरूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।

सोशल मीडिया के माध्यम से मिली कई शिकायतों पर पुलिस ने कार्रवाई भी की है। इस तरह रायपुर कमिश्नरेट सोशल मीडिया को केवल सूचना साझा करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता से संवाद करने और जागरूकता बढ़ाने के प्लेटफॉर्म के रूप में इस्तेमाल कर रही है।