
जैसलमेर. पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तहत आकार के लिहाज से देश के चुनिंदा सबसे बड़े सीमावर्ती जैसलमेर जिले में शनिवार को लोकतंत्र का बड़ा उत्सव होगा। जिला परिषद के 21 और जिले की 10 पंचायत समितियों के 142 वार्डों में शनिवार को मतदान कराया जाएगा। सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चलने वाली मतदान प्रक्रिया में कुल 4 लाख 43 हजार 65 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। जानकारी के अनुसार पंचायत समिति मोहनगढ़, सांकड़ा और भणियाणा में 2-2 व राजमथाई मुख्यालय फलसूंड एवं रामगढ़ में 1-1 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुका है। कुल 8 में से 7 सदस्य कांग्रेस व एकमात्र भाजपा का निर्विरोध चुना गया है। गांवों की सरकार चुनने के लिए होने वाले इस मतदान को लेकर सभी पार्टियों व प्रत्याशियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रत्याशियों ने अंतिम समय तक मतदाताओं तक पहुंचने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंकी है। जिला परिषद के 21 वार्डों में प्रमुख दलों भाजपा व कांग्रेस के अलावा टीम ओरण ने 9 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार उतारे हैं। कई और निर्दलीय भी भाग्य आजमा रहे हैं।
जिले में जिला परिषद के वार्डों में मतदाताओं की संख्या के लिहाज से लाठी क्षेत्र सबसे आगे है। यहां वार्ड संख्या 19 में सर्वाधिक 32 हजार 549 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके विपरीत फलसूंड के वार्ड संख्या 15 में सबसे कम 14 हजार 342 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दोनों वार्डों के बीच मतदाताओं की संख्या में 18 हजार से अधिक का अंतर है। ऐसे में अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या के लिहाज से चुनावी मुकाबलों का दायरा भी अलग-अलग नजर आ रहा है। जिला परिषद के 21 वार्डों में मतदाताओं की संख्या चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने वाला महत्वपूर्ण पहलू है। लाठी में सबसे अधिक मतदाता होने से यहां प्रत्याशियों के सामने बड़ा मतदाता वर्ग है। वहीं फलसूंड में मतदाताओं की संख्या सबसे कम है। प्रत्याशियों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में घर-घर संपर्क, बैठकों और जनसभाओं के माध्यम से मतदाताओं को साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। अब प्रचार अभियान के बाद मतदाताओं की बारी है कि वे मतदान के जरिए अपना प्रतिनिधि चुनें।
पंचायत समितियों की बात करें तो फतेहगढ़ पंचायत समिति में सर्वाधिक 67 हजार 857 मतदाता हैं। वहीं रामगढ़ पंचायत समिति में सबसे कम 30 हजार 870 मतदाता पंजीकृत हैं। दोनों पंचायत समितियों के मतदाता आंकड़ों में करीब 37 हजार का अंतर है। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में मतदान के लिए मतदाताओं में उत्साह और प्रत्याशियों में बेचैनी का माहौल है। शनिवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी तस्वीर सामने आने लगेगी। शाम छह बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन को लेकर गांवों में राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जोरदार चुनावी मुकाबला किया है। अब तक जनसंपर्क और प्रचार के दौरान किए गए दावों की असली परीक्षा मतदान केंद्रों पर होगी।