जैसलमेर

जैसलमेर जिले में 4 लाख 43 हजार 65 मतदाता करेेंगे मताधिकार का प्रयोग

पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिले की 10 पंचायत समितियों की 266 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1,954 वार्डपंच पदों के लिए 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल के अनुसार, कुल 551 मतदान केंद्रों पर जिले के 4 लाख 43 हजार 65 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसमें 2 लाख 37 हजार 678 पुरुष और 2 लाख 5 हजार 387 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव को लेकर प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं कई पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन की भी सूचना है।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 8:40 PM IST
jaisalmer news
पोकरण. गोमट गांव में सरपंच व वार्डपंच नामांकन के दौरान लगी भीड़। पत्रिका

जैसलमेर/पोकरण. पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिले की 10 पंचायत समितियों के 266 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 1954 वार्डपंच के चुनाव होंगे। वार्डपंच व सरपंच के चुनाव के लिए 16 नवम्बर को प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान के लिए कुल 551 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अनुपमा जोरवाल ने बताया कि जिले की 10 पंचायत समितियों के 266 ग्राम पंचायतों में कुल 4 लाख 43 हजार 65 मतदाता मतदान के दिवस अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 2 लाख 37 हजार 678 पुरुष व 2 लाख 5 हजार 387 महिला मतदाता शामिल है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा चुनाव कार्य को लेकर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। दूसरी ओर जिले की कई ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्डपंच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने की सूचना है। सरपंच चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया करने में भी प्रत्याशियों ने जोश-खरोश का प्रदर्शन किया है।

यहां इतने मतदाता

जिले की पंचायत समिति भणियाणा की 21 ग्राम पंचायतों के लिए 34,731 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18303 पुरुष व 16,428 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार पंचायत समिति फतेहगढ की 38 ग्राम पंचायतों के लिए 67,857 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहां 36,989 पुरुष व 30,868 महिला मतदाता है। पंचायत समिति जैसलमेर की 31 ग्राम पंचायतों के लिए 55,121 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 29,413 पुरुष व 25,708 महिला मतदाता है। पंचायत समिति खुहड़ी की 33 ग्राम पंचायतों के लिए 47,529 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहां 25,804 पुरुष व 21,725 महिला मतदाता है। पंचायत समिति मोहनगढ़ की 20 ग्राम पंचायतों के लिए 38,097 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 20,795 पुरुष व 17,302 महिला मतदाता है। समिति नाचना की 20 पंचायतों के लिए 34,270 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां 18,264 पुरुष व 16,006 महिला मतदाता है। पंचायत समिति राजमथाई मुख्यालय फलसूण्ड की 30 ग्राम पंचायतों के लिए 41,372 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 22,025 पुरुष व 19,347 महिला मतदाता है। पंचायत समिति रामदेवरा मुख्यालय पोकरण की 24 ग्राम पंचायतों के लिए 49,537 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जहां 26,109 पुरुष व 23,428 महिला मतदाता है। पंचायत समिति रामगढ़ की 20 ग्राम पंचायतों के लिए 30,870 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें 16,430 पुरुष व 14,440 महिला मतदाता है। पंचायत समिति सांकड़ा की 29 ग्राम पंचायतों के लिए 43,681 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 23,546 पुरुष व 20,135 महिला मतदाता है।

नामांकन में नजर आई रौनक

पंचायतीराज चुनावों के अंतर्गत रविवार को सरपंचों व वार्डपंचों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूर्ण हुई। मतदान व मतगणना सोमवार को होगी। गौरतलब है कि शनिवार को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान संपन्न हुआ। जिनकी मतगणना 20 नवंबर को होगी। ग्राम पंचायतों के सरपंचों व वार्डपंचों के लिए रविवार को नामांकन प्रक्रिया पूर्ण की गई। इस दौरान ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्थित मतदान केन्द्रों पर मेले जैसा माहौल देखने को मिला। ग्राम पंचायतों में सरपंचों व वार्डपंचों के प्रत्याशियों की ओर से जुलूस के साथ मतदान केन्द्र पहुंचकर अपने नामांकन पत्र जमा करवाए गए। वार्डपंचों व सरपंचों के प्रत्याशियों की ओर से बड़ी संख्या में लोगों के साथ अपने नामांकन पत्र जमा करवाए गए। इस दौरान मतदान केन्द्रों पर चहल-पहल देखने को मिली। पुलिस की ओर से भी कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की जाएगी। देर रात तक परिणामों की घोषणा की जाएगी।

Updated on:
15 Nov 2026, 8:40 PM IST
Published on: