
पोकरण. विधानसभा क्षेत्र में स्थित सभी आठ पुलिस थानों में लगभग सभी हथियार पुलिस थानों में जमा किए गए है, वहीं मतदान पूर्व व मतदान के दिन किसी भी तरह की गड़बड़ी व अशांति की आशंकाओं को देखते हुए शांति बनाए रखने तथा अवांछित व अप्रिय वारदात नहीं हो, इसके लिए 704 लोगों को पाबंद किया गया है। पुलिस के अनुसार पूर्व में चिन्हित अपराधिक प्रवृति के लोगों, हिस्ट्रीशीटर व अशांति फैलाने की आशंका के चलते विभिन्न स्त्रोतोंं से जानकारी हासिल कर अलग-अलग पुलिस थानों में विभिन्न धाराओं में ऐसे लोगों को नोटिस देकर पाबंद किया गया है कि वे चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, अशांति नहीं फैलाएंगे तथा न ही ऐसी किसी गतिविधि को अंजाम देंगे, जो विधि व लोकहित के विरुद्ध हो। जिससे किसी व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के समूह को नुकसान होता हो, स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित व बाधित होती हो और आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन होता हो। ऐसी धाराओं में पुलिस की ओर से अपने-अपने थानाक्षेत्र में अपराधिक प्रवृति के लोगों को पाबंद किया जाता है।
सबसे ज्यादा पोकरण, तो भणियाणा में कम
पोकरण विधानसभा क्षेत्र में आठ पुलिस थाने है। इनमें से सबसे ज्यादा पोकरण में 170 जनों को पाबंद किया गया है, तो सबसे कम भणियाणा में 38 जनों को पाबंद किया गया है। इसके अलावा कुल आठ पुलिस थानों में 704 जनोंं को पाबंद किया गया हैै। ये सभी लोग मतगणना, चुनाव परिणामों की घोषणा व अग्रिम आदेशों तक किसी भी तरह की अप्रिय वारदात नहीं करने के लिए पाबंद रहेंगे।
यहां इतने लोगों को किया पाबंद
पुलिस थाना पाबंद
पोकरण 170
रामदेवरा 65
भणियाणा 38
लाठी 94
नोख 120
नाचना 100
सांकड़ा 69
फलसूण्ड 48
5 प्रत्याशियों ने अभ्यर्थिता वापिस ली
जैसलमेर. विधानसभा चुनाव के तहत बुधवार को 5 प्रत्याशियों ने अपनी अभ्यर्थिता वापिस ले ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी ओम कसेरा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र जैसलमेर से 4 प्रत्याशियों तथा पोकरण विधानसभा क्षेत्र से 01 प्रत्याशी ने अपनी अभ्यर्थिता वापिस ले ली है। रिटर्निंग अधिकारी जैसलमेर विकास राजपुरोहित ने बताया कि बुधवार को निर्दलीय प्रत्याशी सुजानसिंह पुत्र मंगलसिंह, सुजानसिंह पुत्र लक्ष्मणसिंह, हरीश धणदे तथाा बहुजन समाजपार्टी के अर्जुनराम ने अपनी अभ्यर्थिता वापिस ले ली है। रिटर्निंग अधिकारी पोकरण अनिल जैन ने बताया कि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी भंवरदान ने अपनी अभ्यर्थिता वापिस ले ली है।
अभ्यर्थिता वापिस लेने का आज अंतिम दिन
जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर ) कसेरा ने बताया कि गुरुवार को दोपहर 3 बजे तक कोई भी अभ्यर्थी उपस्थित होकर निर्धारित प्रपत्र में आवेदन संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपनी अभ्यर्थिता वापिस ले सकेगा। निर्धारित तिथि और समय के पष्चात कोई भी अभ्यर्थिता वापिस लेना स्वीकार नहीं की जाएगी।