
जैसलमेर. पंचायती राज आम चुनाव-2026 में जिला परिषद सदस्यों के चुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के 21 वार्डों में 77 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं। नाम वापसी के अंतिम दिन 36 प्रत्याशियों ने चुनावी मुकाबले से कदम पीछे खींच लिए। इससे पहले संवीक्षा में 38 नामांकन पत्र निरस्त हुए थे। अब सभी 21 सीटों पर सीधा चुनाव होगा। किसी भी वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति नहीं बनी है। जिले में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चली नामांकन प्रक्रिया में 138 अभ्यर्थियों ने कुल 162 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए थे। गत गुरुवार को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी की। जांच में 113 अभ्यर्थियों के 124 नामांकन पत्र वैध पाए गए, जबकि 38 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल करने वाले अभ्यर्थियों के कारण नामांकन पत्रों और अभ्यर्थियों की संख्या में अंतर रहा। इसके बाद नाम वापसी के अंतिम चरण में 36 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए और चुनाव मैदान में 77 प्रत्याशी शेष रह गए।
प्रत्याशियों की संख्या के लिहाज से जिले के 21 वार्डों में मुकाबले की अलग-अलग तस्वीर सामने आई है। कुल 17 वार्डों में पांच से कम प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि चार वार्डों में पांच से नौ प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। वार्ड संख्या 9 में सर्वाधिक नौ प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इस तरह जिले के किसी भी वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन नहीं होगा और सभी 21 सीटों पर मतदान की स्थिति बनी हुई है।
जैसलमेर जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है, जबकि जिला परिषद के 21 वार्डों में केवल वार्ड संख्या 9 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। राजनीतिक दृष्टि से भी इस वार्ड पर विशेष नजर रहेगी। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव की पुत्री और पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल वार्ड संख्या 5 से चुनाव मैदान में हैं। उनके भाई और पूर्व जिला परिषद सदस्य हरीश धनदेव वार्ड संख्या 1 से प्रत्याशी हैं। इसी तरह पूर्व मंत्री शाले मोहम्मद के भाई और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर वार्ड संख्या 3 तथा उनके एक अन्य भाई अमीन खां वार्ड संख्या 14 से चुनाव लड़ रहे हैं।