जैसलमेर

Jaisalmer: भावी शिक्षकों ने दी उम्मीदों की परीक्षा, बीएडी प्रवेश परीक्षा में 80.66 प्रतिशत अभ्यर्थी बैठे

राजस्थान बीएड प्रवेश परीक्षा (PTET-2026) रविवार को जैसलमेर जिला मुख्यालय के तीन केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इस परीक्षा के लिए कुल 760 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 613 परीक्षार्थियों ने भाग लिया और 147 अनुपस्थित रहे।

2 min read
Jun 14, 2026
jaisalmer
जैसलमेर. अमर शहीद सागरमल गोपा राउमावि से परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी।

जैसलमेर. राजस्थान बीएड प्रवेश परीक्षा पीटीईटी-2026 रविवार को प्रदेश भर की भांति जैसलमेर मुख्यालय पर संपन्न हो गई। इस परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय पर अमर शहीद सागरमल गोपा राउमावि, बालिका राउमावि और एसबीके कॉलेज में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए। इनमें कुल 760 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

परीक्षा के जिला समन्वयक डॉ. श्यामसुंदर मीना ने बताया कि 613 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 147 अनुपस्थित रहे। इस तरह से 80.66 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। पीटीईटी परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों के चेहरों पर सुकून नजर आया। केंद्रों से बाहर निकलने पर वे आपस में प्रश्रपत्र में आए प्रश्रों पर चर्चा करते दिखाई दिए।

जांच के बाद दिया प्रवेश

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सुबह 7 से 8.30 बजे तक प्रवेश दिया गया। परीक्षा एक पारी में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक करवाई गई। उम्मीदवारों को प्रवेश बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही दिया गया। प्रवेश केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सख्ती से जांच पड़ताल की गई। निर्धारित सामग्री के साथ ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई थी कि वे परीक्षा समय से कम से कम 1 घंटा पहले केंद्र पर पहुंच जाएं। इसी तरह से उन्हें केंद्र पर प्रिंट किए हुए एडमिट कार्ड को ले जाना जरूरी था, साथ ही एक वैध फोटो आईडी जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस आदि के साथ प्रवेश दिया गया।

इसके अलावा जिनके एडमिट कार्ड पर फोटो स्पष्ट नहीं थे, ऐसे अभ्यर्थियों के पासपोर्ट साइज फोटो देखे गए। गौरतलब है कि इस साल पीटीईटी के आयोजन की जिम्मेदारी वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी, कोटा के पास रही है। पिछले साल की तुलना में इस बार आवेदकों की संख्या कुछ कम रही। इस प्रवेश परीक्षा के माध्यम से राज्य के 944 बीएड कॉलेजों में दाखिला दिया जाना है। परीक्षार्थियों में युवतियों और महिलाओं की अच्छी खासी संख्या शामिल रही। परीक्षा संपन्न होने के बाद महिलाओं व युवतियों को लिवाने के लिए उनके रिश्तेदार पहुंचे हुए थे। परीक्षा समाप्त होने की घंटी बजने के बाद एक साथ सबको केंद्र से बाहर निकाला गया।

केंद्र सरकार के 12 साल: विकास प्रदर्शनी को मिली सराहना

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जैसलमेर में जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। नगर परिषद सभागार में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, जैसलमेर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शनी का खिलाड़ियों, युवाओं, महिलाओं तथा प्रबुद्ध नागरिकों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की गत 12 वर्षों की विकास यात्रा को आकर्षक चित्रों, फ्लेक्स, स्टैंडी और आंकड़ों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इसमें आधारभूत संरचना के अपूर्व विस्तार, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया।

Published on:
14 Jun 2026 08:50 pm