जैसलमेर

JAISALMER NEWS: इस कॉलोनी में 998 भूखंडों का लॉटरी से होगा आवंटन, 5 जुलाई से आवेदन संभावित…

-बाड़मेर मार्ग से जोधपुर रोड बाइपास तक बसेगी नई कॉलोनी -नगरपालिका को नई कॉलोनी में प्लॉट्स से मिलेंगे 36.24 करोड़
2 min read
Jun 27, 2018
998 plots will be alloted by lottery In Sardar Patel Colony
998 plots will be alloted by lottery In Sardar Patel Colony

जैसलमेर. जैसलमेर नगरपरिषद का मौजूदा बोर्ड अपने कार्यकाल की पहली आवासीय योजना सरदार वल्लभभाई पटेल कॉलोनी का आवंटन करने की तैयारी में है। जानकारी के अनुसार आगामी 5 जुलाई से इस आवासीय योजना में भूखंडों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। कुल 2600 भूखंडों वाली इस कॉलोनी में विभिन्न आकार वाले 998 भूखंडों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया जाएगा। यदि सब कुछ ठीक रहा तो इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 5 जुलाई से शुरू होगी।
325 रुपए होगी दर
जानकारी के मुताबिक प्रस्तावित पटेल कॉलोनी नगरपरिषद की अब तक की सबसे महंगी कॉलोनी होगी। लॉटरी के जरिए आवंटित भूखंडों के लिए इसकी दर 325 रुपए प्रति वर्ग फीट रखी गई है।
यह है कॉलोनी के भूखण्डों का गणित
-कॉलोनी में बड़े आकार वाले 30 गुणा 60 वर्गफीट के सबसे ज्यादा 284 भूखंड रखे गए हैं।
- 25 गुणा 50 वर्ग फीट के 238, 20 गुणा 40 वर्ग फीट के 264 तथा 15 गुणा 30 के 212 भूखंड आवंटन के लिए निर्धारित किए गए हैं।
-इस तरह से 25 गुणा 50 का भूखंड 4 लाख 6250 और 30 गुणा 60 का भूखंड, 5 लाख 85 हजार रुपए में बेचा जाएगा।
-प्रस्तावित कॉलोनी बाड़मेर रोड स्थित माहेष्वरी हॉस्पिटल के पीछे से जोधपुर रोड के लिए नए बाइपास मार्ग तक में 70 बीघा जमीन का चयन किया गया है। -कॉलोनी में शेष भूखंडों का आवंटन नीलामी के जरिए किया जाएगा, जिसमें मुख्य तौर से कामर्शियल उपयोग तथा बड़े आकार के आवासीय तथा अन्य उपयोगा के लिए भूखंड होंगे।
वर्तमान बोर्ड की पहली योजना
सरदार पटेल आवासीय योजना वर्तमान भाजपा षासित बोर्ड की पहली कॉलोनी होगी। इससे पहले वर्ष2013 में कांग्रेस बोर्ड ने जवाहरलाल नेहरू आवासीय योजना का आवंटन लॉटरी के जरिए किया था। इस दौरान नगर विकास न्यास ने जैसलमेर में अमर शहीद सागरमल गोपा आवासीय योजना के साथ जेठवाई मार्ग पर करीब 40 भूखंडों वाली कॉलोनी का आवंटन किया था।
इतनी कमाई होगी परिषद को
पटेल कॉलोनी का आवंटन संपन्न होने पर कमाई के मामले में जूझ रही जैसलमेर नगरपरिषद निश्चित तौर पर मालामाल हो जाएगी। विभिन्न आकार वाले 998 भूखंडों का लॉटरी से आवंटन कर परिषद 36 करोड़ 24 लाख 72 हजार 500 रुपए का राजस्व अर्जित कर लेगी। इससे पहले जवाहर नगर कॉलोनी से परिषद को करीब 35 करोड़रुपए की आवक हुई थी।
हकीकत यह भी
जवाहर नगर कॉलोनी में अभी तक विकास के तौर पर एक पत्थर तक नहीं रखा जा सका है। लाखों रुपए चुकाकर भूखंड प्राप्त करने वाले आवंटी जवाहर कॉलोनी के विकास की बाट ही जोह रहे हैं। और तो और करीब दस साल पहले आवंटित लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी में भी अभी तक नगरपरिषद पानी नहीं पहुंचा पाई है।

फैक्ट फाइल -
-04 श्रेणियों में भूखण्डों का आवंटन किया जाना है प्रस्तावित
-36.25 करोड़ रुपए जैसलमेर नगरपरिषद को होने का अनुमान
-998 भूखंडों की आवासीय कॉलोनी में निकलेगी लॉटरी

बेहतर लोकेशन की कॉलोनी
सरदार वल्लभभाई आवासीय योजना का आवंटन शीघ्र किया जाएगा। इसकी लोकेशन बेहतर है। गत 5 जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की हमारी ओर से तैयारी है।
-झब्बरसिंह चौहान, आयुक्त, नगरपरिषद, जैसलमेर

Published on:
27 Jun 2018 04:51 pm