
जैसलमेर. स्वास्थ्य की परिभाषा अब केवल बीमारी की पहचान और दवाइयों से उपचार तक सीमित नहीं रह गई है। नींद की गुणवत्ता, मानसिक तनाव, खानपान, शारीरिक सक्रियता और मेटाबॉलिक स्वास्थ्य भी अब हेल्थकेयर के महत्वपूर्ण पैमाने बन रहे हैं। इसी बदलते नजरिए के बीच प्राकृतिक चिकित्सा का आधुनिक स्वरूप चर्चा में है। 18 नवंबर को मनाया जाने वाला नौवां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस इस बार 'प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत' थीम के साथ स्वास्थ्य को बीमारी के उपचार से आगे ले जाकर उसकी रोकथाम और जीवनशैली सुधार से जोडऩे पर केंद्रित है। इसका राष्ट्रीय आयोजन कर्नाटक के नागमंगला स्थित सेंट्रल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ योग एंड नेचुरोपैथी में होगा। इस बार प्राकृतिक चिकित्सा को वैज्ञानिक शोध, क्लीनिकल मूल्यांकन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रिवेंटिव हेल्थकेयर से जोडऩे पर विशेष जोर है। यानी परंपरागत उपचार पद्धतियों के दावों से आगे बढकऱ उनकी प्रभावशीलता को वैज्ञानिक कसौटी पर परखने की जरूरत भी बयां कर रही है।
बदलती जीवनशैली के कारण मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ रहा है। ऐसे में नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन को स्वास्थ्य रणनीति का हिस्सा बनाना जरूरी है। प्राकृतिक चिकित्सा की प्रासंगिकता भी इन्हीं जीवनशैली आधारित पहलुओं में दिखाई देती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2022 में दुनिया के 31 प्रतिशत वयस्क पर्याप्त शारीरिक गतिविधि नहीं कर रहे थे। संगठन वयस्कों के लिए सप्ताह में कम से कम 150 मिनट मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि की सिफारिश करता है। यह आंकड़ा बताता है कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का समाधान केवल अस्पतालों और दवाइयों तक सीमित नहीं हो सकता।
स्मार्टवॉच, फिटनेस ट्रैकर, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और नियमित स्वास्थ्य जांच ने व्यक्तिगत स्वास्थ्य निगरानी को आसान बनाया है। अब व्यक्ति अपनी दैनिक गतिविधियों, हृदय गति, नींद और व्यायाम के पैटर्न को समझ सकता है। योग, ध्यान, संतुलित पोषण और डिजिटल मॉनिटरिंग का समन्वय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उपयोगी हो सकता है। हालांकि, डिजिटल उपकरणों से मिलने वाले संकेत चिकित्सकीय निदान का विकल्प नहीं हैं। इनका उपयोग स्वास्थ्य संबंधी बदलाव समझने और जरूरत पडऩे पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए किया जाना चाहिए।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में मंत्रालय की पांच शोध परिषदों ने सामूहिक रूप से 653 शोध पत्र प्रकाशित किए। वहीं, केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद की देशभर में 22 इकाइयां हैं। यह शोध और संस्थागत नेटवर्क के विस्तार को दर्शाता है।
प्राकृतिक चिकित्सा की वास्तविक उपयोगिता संतुलित जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता, पोषण और तनाव प्रबंधन में है। इसकी विश्वसनीयता के लिए वैज्ञानिक प्रमाण, क्लीनिकल मूल्यांकन और प्रशिक्षित विशेषज्ञ जरूरी हैं। गंभीर बीमारियों में आधुनिक चिकित्सा का उपचार बंद करके प्राकृतिक चिकित्सा अपनाना जोखिमपूर्ण हो सकता है। दोनों के बीच जिम्मेदार समन्वय ही बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन का आधार बन सकता है।
- डॉ. मुरलीधर सोनी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जैसलमेर