
संगठन को मजबूत बनाने की दी सीख
जैसलमेर. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के क्षेत्रिय संगठन मंत्री (केन्द्र शासित प्रदेश) व केन्द्रीय कोष एवं जनसंपर्क कार्य प्रमुख और राजस्थान के पूर्व प्रदेश संगठनमंत्री विक्रान्त खण्डेलवाल रविवार को जैसलमेर प्रवास पर रहे। उन्होंने यहां के सीमावर्ती क्षेत्र के गांवों का दौरा कर सीमावर्ती गांवों के हालात जाने। इस दौरान उन्होंने सीमावर्ती गांवों में सक्रिय रहकर गतिविधियों पर नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की सीख दी। उन्होंने अभावग्रस्त गांवों के विकास और सुविधाएं विकसित करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्यकर्ता तैयार करने की सीख दी। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भूमिका निभाने का सुझाव दिया।
पूर्व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक
खण्डेलवाल ने जैसलमेर और फलोदी एबीवीपी के पूर्व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और उन्हें युवाओं का राष्ट्रीय हित में कार्य करने के लिए प्रेरित करने की सीख दी। खण्डेलवाल ने परिषद की आगामी राष्ट्रीय गतिविधियों की जानकारी देने के साथ ही उन्हें सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उन्हें विभिन्न कार्य सौंपने की सीख दी।
राजनीतिक हालात पर चर्चा
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक विक्रान्त खण्डेलवाल ने जैसलमेर के राजनैतिक हालात पर भी चर्चा की। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से स्वच्छ राजनीति में सक्रिय रहकर क्षेत्र के विकास में भागीदार बनने की सीख दी।
इन्होंने दिए सुझाव
केन्द्रीय संगठन मंत्री खण्डेलवाल के जैसलमेर प्रवास के दौरान आयोजित बैठक में एबीवीपी के प्रान्तीय संगठन मंत्री मांगीलाल चौधरी, एबीवीपी के पूर्व जिला प्रमुख विक्रमसिंह रावलोत, मदन पालीवाल, वीरेन्द्रसिंह सोढ़ा, पूर्व जिला संयोजक मनोज व्यास, जिला संयोजक वीरमसिंह सनावड़ा, जसवन्तसिंह राजपुरोहित, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष फलोदी विजय ओझा, लीलूसिंह बड्डा आदि ने संगठन की मजबूती के लिए चर्चा कर सुझाव दिया। खण्डेलवाल शनिवार रात को जैसलमेर प्रवास पर पहुंचे थे, रविवार को संगठन गतिविधियों की जानकारी लेने के बाद पोकरण और रामदेवरा में कार्यकर्ताओं से मिले और बीकानेर के लिए रवाना हुए।