जैसलमेर

फोटो वायरल करने की धमकी देकर फिरौती मांगने का आरोपी गिरफ्तार

-आरोपी कम्प्यूटर साइंस की कर रहा है मास्टर डिग्री

2 min read
Oct 31, 2020
फोटो वायरल करने की धमकी देकर फिरौती मांगने का आरोपी गिरफ्तार

पोकरण. एक व्यक्ति से उसकी पुत्री के फोटो वायरल करने की धमकी देकर फिरौती मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार गत 26 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट पेश कर बताया था कि उसके मोबाइल पर 24 अक्टूबर को एक नंबर से व्हाट्सअप पर मैसेज व कॉल किए गए। कॉल करने वाले ने अपना नाम व पता नहीं बताया तथा मैसेज के माध्यम से उसकी बेटी के अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपए फिरौती मांगी। रिपोर्ट पर पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह के निर्देशानुसार थानाधिकारी माणकराम विश्रोई के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नारायणसिंह, कांस्टेबल मोहन पालीवाल, उगमसिंहए बुधाराम विश्रोई, साइबर शाखा के मुकेश बीरा की टीम गठित की गई।
पूर्व में गिरफ्तार युवक ही निकला आरोपी
टीम की ओर से अनुसंधान करने पर पाया गया कि पूर्व में चोरी के एक मामले में गिरफ्तार स्थानीय बालीनाथ महाराज आश्रम निवासी कविशनाथ पुत्र मूलनाथ उर्फ मुकेशनाथ गोस्वामी ही इस मामले का आरोपी निकला। युवक के पास से बरामद किए गए आई फोन को चैक किया, तो उसमें सिम नहीं पाई गई। मोबाइल को आरोपी की ओर से अन्य मोबाइल के वाई-फाई हॉटस्पोट के जरिए व्हाट्सअप चलाना पाया गया। व्हाट्सअप की चैटिंग की जांच करने पर पीडि़त के नंबर पर चैट भी पाई गई।
दोस्त के साथ बनाई योजना, महिला मित्र का चुराया मोबाइल
आरोपी कविशनाथ ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने दोस्त स्थानीय सुंदरनगर निवासी जितेन्द्रसिंह पुत्र उम्मेदसिंह के साथ मिलकर पीडि़त को ब्लैकमेल करने की योजना बनाई है। सिम के बारे में पूछताछ करने पर बताया कि जितेन्द्रसिंह गत 23 अक्टूबर को जोधपुर गया था। वह अपनी महिला मित्र के साथ रेलवे स्टेशन के सामने एक होटल में रुका तथा उसके साथ शराब पी और खाना खाया। उसने अपनी महिला मित्र को नींद आने पर उसका मोबाइल चुरा लिया और पोकरण आ गया। उसने मोबाइल से सिम निकालकर कविशनाथ को दे दी।
आरोपी गिरफ्तार
कविशनाथ ने पीडि़त को ब्लैकमेल करने के लिए एप्पल आईफोन का उपयोग किया। मोबाइल में एक बार व्हाट्सअप चालू कर सिम निकाल दी तथा इसके बाद हॉटस्पोट से व्हाट्सअप चलाकर ब्लैकमेल किया गया। पुलिस ने आरोपी कविशनाथ को गिरफ्तार किया। जबकि दूसरा आरोपी जितेन्द्रसिंह पूर्व में एक चोरी के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में है।

Published on:
31 Oct 2020 01:53 pm
Also Read
View All