
जैसलमेर. अपने दौर की सबसे ग्लैमरस अदाकारा जीनत अमान ने स्वर्णनगरी जैसलमेर को खास स्थान बताया है। गत दिनों यहां सम मार्ग स्थित सितारा होटल में शूटिंग के लिए ठहराव करने के बाद लौटी जीनत अमान ने कहा कि, जैसलमेर वाकई खास जगह है। फिलहाल मैं शूटिंग के बीच के पलों और छुट्टी के दिनों की कुछ झलकियां ही साझा कर सकती हूं और ऐसी जगह पर होना अपने आप में कितना सुखद अनुभव है। सुनहरी बलुआ पत्थरों की इमारतें, खूबसूरत बगीचे और राजस्थान की वह खास खामोशी, जो यहां के माहौल को बिल्कुल अलग बना देती है।
फिल्मी सेट पर इतने साल बिताने के बाद मैंने महसूस किया है कि हमेशा शूट किए गए दृश्य ही याद नहीं रहते। कई बार कोई जगह, रोशनी का कोई खास रंग, खिडक़ी से नजर आता कोई दृश्य या फिर शूटिंग के बीच बिताया गया कोई शांत पल भी दिल में बस जाता है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि जैसलमेर की यह जगह मुझे लंबे समय तक याद रहेगी। जब तक मुझे इस फिल्म के बारे में और कुछ बताने की इजाजत नहीं मिलती, तब तक जैसलमेर की ये छोटी-सी झलक आपसे साझा कर रही हूं।
इस बीच सम मार्ग स्थित सितारा होटल ने जीनत अमान की होटल के विभिन्न हिस्सों में खिंचवाई तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा किया है। जिनमें वह खूबसूरत अंदाज में नजर आती हैं। गौरतलब है कि जीनत अमान जैसलमेर में ‘रॉयल्स-2’ की शूटिंग के लिए करीब दो सप्ताह रुकी थीं। होटल ने उनके जैसलमेर प्रवास की तस्वीरें और झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर की। इससे पहले जीनत अमान ‘अब्दुल्ला’ फिल्म की शूटिंग के दौरान जैसलमेर आ चुकी हैं। जानकारी के अनुसार नेटफ्लिक्स की भारतीय रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा सीरीज 'दरॉयल्स' के सीजन 2 की शूटिंग में दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान वापसी कर रही हैं। इस दौरान अभिनेता ईशान खट्टर, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर और नोराफतेही भी शूटिंग के लिए जैसलमेर आए थे। शूटिंग पूरी होने के बाद जीनत अमान यहां से लौट गईं।