जैसलमेर

मतदान से पहले जैसलमेर में प्रशासन अलर्ट, दलों ने संभाली चुनावी कमान

जैसलमेर में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर प्रशासनिक और पुलिस तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार को अंतिम प्रशिक्षण और मतदान सामग्री वितरण के बाद मतदान दल केंद्रों के लिए रवाना हो गए। शनिवार को जिला परिषद के 21 और पंचायत समितियों के 150 वार्डों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 8:55 PM IST
jaisalmer news
जैसलमेर. पंचायती राज चुनाव को लेकर आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में उप​िस्थत संभागी।

जैसलमेर @ पत्रिका. पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले जैसलमेर में प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को अंतिम प्रशिक्षण और मतदान सामग्री वितरण के बाद मतदान दल अपने निर्धारित केंद्रों के लिए रवाना हो गए। जिला परिषद के 21 और जिले की 10 पंचायत समितियों के 150 वार्डों में शनिवार सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान दल रात से ही अपने केंद्रों पर मुस्तैद रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने एसबीके महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में मतदान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया का प्रत्येक चरण महत्वपूर्ण है। छोटी सी चूक भी पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। मतदान अधिकारी निष्पक्ष व्यवहार रखें और किसी भी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें। किसी तरह की शंका होने पर तत्काल उच्चाधिकारी से मार्गदर्शन लें। उन्होंने एरिया और सेक्टर मजिस्ट्रेट को लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण करने तथा सूचनाओं का समय पर संप्रेषण सुनिश्चित करने को कहा।

संवेदनशील केंद्रों पर हथियारबंद जवान, मोबाइल टीमें रहेंगी सक्रिय

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर हथियारबंद जवान सुरक्षा संभालेंगे। पुलिस मोबाइल टीमें भी मतदान दिवस पर लगातार भ्रमण कर निगरानी रखेंगी। उन्होंने मतदान दलों को निर्भय होकर चुनाव संपन्न कराने का भरोसा दिलाया। राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक वासुदेव मालावत ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को निर्धारित नियमों और समयसीमा के अनुसार पूरा करना जरूरी है। उन्होंने जैसलमेर निर्वाचन टीम की प्रशिक्षण व्यवस्था और विस्तृत निर्देशिका की सराहना की।

मॉक पोल से मतदान सामग्री तक, समझाई गई हर प्रक्रिया

अंतिम प्रशिक्षण में मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, सामग्री के उपयोग, निर्धारित प्रोटोकॉल और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षक रामाराम और मिश्री सिंह ने मॉक पोल सहित मतदान दिवस की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र पाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी चुनाव रोहित वर्मा सहित अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के बाद 16 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा।

Updated on:
13 Nov 2026, 8:55 PM IST
Published on: