
पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था-मतगणना कल होगी
जैसलमेर. जैसलमेर नगरपरिषद के वार्ड नं. 9 के लिए मंगलवार को करवाए गए चुनाव में 6 7 फीसदी मतदान हुआ। वार्ड में 1079 मतदाताओं में से 724 ने मतदान किया। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों के समर्थकों ने एक-एक वोट को अपने पक्ष में करने के लिए एड़ी से चोटी का जोर लगा दिया। सुबह 8 बजे से शुरू हुए मतदान के दौरान शिव मार्ग क्षेत्र में सायंकाल तक लोगों की भीड़ जुटी रही। वार्ड क्षेत्र में भाजपा के प्रवीण व्यास और कांग्रेस के विकास व्यास के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन के जरिए करवाया गया। आगामी गुरुवार को स्थानीय अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतगणना होगी।
गहरी दिलचस्पी नजर आई
नगरपरिषद के एकमात्र वार्ड में मंगलवार को हुए उपचुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा आमजन में भी खासी दिलचस्पी देखी गई। भाजपा व कांग्रेस जिलाध्यक्ष क्रमश: जुगलकिशोर व्यास तथा गोविंद भार्गव के अलावा नगरपरिषद सभापति कविता खत्री वहां खासी देर तक रहे। भाजपा की ओर से चंद्रप्रकाष शारदा, कमलकिशोर ओझा, रावतमल सांवल, गोपीकिशन मेहरा, समता व्यास, नटवरलाल व्यास, ओम सेवक, गिरिल भाटिया, स्वाति जगाणी आदि तो कांग्रेस की तरफ से कमलेष छंगाणी, पवन सुदा, उपेन्द्र आचार्य, अरविंद व्यास, राधेष्याम कल्ला, प्रेमलता चौहान आदि सक्रिय नजर आए।