जैसलमेर

जैसलमेर में कृषि पर्यवेक्षक की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, सुरक्षा घेरे में दिखी सख्ती

जैसलमेर शहर में जैसे ही शुक्रवार को दिन चढ़ा, परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की हलचल तेज हो गई।

less than 1 minute read
Apr 18, 2026

जैसलमेर शहर में जैसे ही शुक्रवार को दिन चढ़ा, परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की हलचल तेज हो गई। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से आयोजित कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की कतारें, हाथों में प्रवेश पत्र और चेहरों पर हल्की चिंता के साथ उम्मीदों का उत्साह साफ दिखाई दिया।

परीक्षा जिले के दो केंद्रों पर एक ही पारी में प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 1 बजे तक आयोजित की गई। निर्धारित समय से काफी पहले ही अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच की गई, जहां पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का मिलान करने के बाद ही प्रवेश दिया गया। सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए परीक्षा को पारदर्शी बनाए रखने के हर संभव प्रयास किए गए।

जिले में कुल 469 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 396 ने परीक्षा में भाग लिया। जिला मुख्यालय पर स्थापित किसनीदेवी मगनीराम मोहता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में पंजीकृत 240 परीक्षार्थियों में से 193 ने परीक्षा दी और 47 अनुपस्थित रहे। इसी तरह अमर शहीद सागरमल गोपा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पंजीकृत 229 परीक्षार्थियों में से 203 ने परीक्षा दी। परीक्षा में 73 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और उपस्थिति प्रतिशत 84.435 प्रतिशत रहा।

नियंत्रण कक्ष स्थापित

परीक्षा की निगरानी के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती रही और बाहरी गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी गई। नकल या अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।

Published on:
18 Apr 2026 08:58 pm
Also Read
View All