
मोहनगढ़ कस्बे में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कस्बे में जवाहर नवोदय विद्यालय के पीछे स्थित भील बस्ती में एक बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। जानकारी के अनुसार मृतक राखाराम(80) और उनकी पत्नी रेशमा(75) रात को भोजन कर सोए थे। सुबह पड़ोस में रहने वाला भांजा जब उन्हें खाना देने पहुंचा तो दोनों मृत अवस्था में मिले। पति राखाराम आंगन में चारपाई पर मृत पाए गए, जबकि पत्नी रेशमा कमरे के अंदर मृत पड़ी थी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि दंपति के शरीर पर पहने सोने-चांदी के गहने गायब थे।
राखाराम के सिर व आंखों पर चोट के निशान मिले हैं, वहीं रेशमा के पैरों से चांदी के कड़े निकालने के कारण घाव नजर आए। ऐसे में परिजनों व स्थानीय लोगों ने हत्या कर गहने लूटने की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर मोहनगढ़ थाना अधिकारी बाबूराम मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बाद में पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पोकरण प्रवीण सैन, नाचना वृत्ताधिकारी गजेन्द्रसिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया और बाद में शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। घटना के बाद पाक विस्थापित भील समाज के लोगों में रोष है। समाज के लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। अस्पताल परिसर में भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। मृतका रेशमा की बहन के पुत्र चंदाराम उर्फ चंदा जी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 20 अक्टूबर 2025 को मोहनगढ़ कृषि उपज मंडी समिति के बाहर स्थित दुकानों में व्यापारी मदनलाल सारस्वत व मुनीम रेवतराम की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी, जिसके आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। मोहनगढ़ पुलिस थाना अधिकारी बाबूराम ने बताया कि प्रथम दृश्य हत्या कर गहने लूटने का मामला नजर आ रहा है । पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।
Published on:
18 Apr 2026 08:34 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
