जैसलमेर

jaisalmer: एआइ बता रहा है दीपावली पर क्या खरीदें…बदल रहा खरीदारी का अंदाज

जैसलमेर में इस बार दीपावली की खरीदारी का तरीका पूरी तरह बदल गया है, जहां दुकानदारों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी ग्राहकों का पर्सनल शॉपिंग एडवाइजर बन गया है। एआइ आधारित सिस्टम ग्राहकों की पसंद, बजट और पिछली खोज के आधार पर बेहतरीन ब्रांड, फीचर्स और मुनाफे के सौदे सुझा रहा है। इससे हजारों उत्पादों में खुद माथापच्ची करने के बजाय ग्राहक केवल अपनी जरूरत बताकर पलभर में सही विकल्प चुन पा रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 9:09 PM IST
jaisalmer photo
एआइ

जैसलमेर. दीपावली मोबाइल की स्क्रीन पर मौजूद एआइ ग्राहकों को बता रहा है कि उन्हें क्या खरीदना चाहिए। घर के लिए सजावटी सामान लेना हो, परिवार के लिए गिफ्ट चुनना हो या नया मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक आइटम खरीदना हो, एआइ पसंद, बजट और जरूरत के हिसाब से विकल्प सामने रख रहा है। ग्राहक उससे पूछ रहे हैं कि कौन-सा ब्रांड बेहतर रहेगा, किस उत्पाद में ज्यादा फीचर्स मिलेंगे और किस कीमत पर खरीदारी करना फायदे का सौदा होगा। यानी इस बार दीपावली की खरीदारी में दुकानदार के साथ एआइ भी सलाहकार की भूमिका निभा रहा है। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर एआइ आधारित सिस्टम ग्राहकों की पसंद और पिछली खरीदारी के आधार पर उत्पाद सुझा रहे हैं। ग्राहक ने पहले किस तरह के कपड़े खरीदे, कौन-से इलेक्ट्रॉनिक आइटम सर्च किए या किस कीमत के उत्पादों में रुचि दिखाई, इन जानकारियों के आधार पर उसकी स्क्रीन पर नए विकल्प दिखाई देते हैं। अब ग्राहक को हजारों उत्पादों में खुद तलाश करने के बजाय एआइ से अपनी जरूरत बताकर सुझाव लेने की सुविधा मिल रही है।

ब्रांड से कीमत तक, हर सवाल का जवाब

दीपावली की खरीदारी में ग्राहक अब चैटबॉट से सीधे सवाल कर रहे हैं। कौन-सा मोबाइल बेहतर है, किस कंपनी की स्मार्टवॉच में ज्यादा फीचर्स हैं, कम बजट में अच्छा गिफ्ट क्या हो सकता है और दो उत्पादों में क्या अंतर है? एआई ऐसे सवालों के जवाब देकर तुलना करने में मदद कर रहा है। इससे ग्राहक खरीदारी से पहले ही कई विकल्पों की जानकारी हासिल कर पा रहे हैं।

एक बार सर्च किया, एआइ फिर याद दिला रहा

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ग्राहक की पसंद अब विज्ञापनों में भी दिखाई देने लगी है। किसी वेबसाइट पर दीपावली की लाइटिंग, फर्नीचर या कपड़े सर्च करने के बाद दूसरी वेबसाइट और सोशल मीडिया पर भी संबंधित उत्पादों के विज्ञापन नजर आने लगते हैं। एआइ आधारित विज्ञापन प्रणाली ग्राहकों की ऑनलाइन गतिविधियों और रुचि के आधार पर उत्पादों के प्रचार को अधिक लक्षित बना रही है।

दीपावली की खरीदारी में एआइ के पांच काम

- गिफ्ट का सुझाव: बजट और रिश्ते के हिसाब से उपहार के विकल्प

- ब्रांड की तुलना: एक जैसे उत्पादों के फीचर्स और कीमत का अंतर

- बजट की जानकारी: तय रकम में उपलब्ध बेहतर उत्पादों के सुझाव

- ऑफर की जानकारी: अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध छूट और डील।

- पसंद की पहचान: पहले की सर्च और खरीदारी के आधार पर नए सुझाव

एक्सपर्ट व्यू : एआइ सलाह दे रहा, फैसला ग्राहक का

एआइ त्योहारों की खरीदारी को व्यक्तिगत और सुविधाजनक बना रहा है। ग्राहक अपनी जरूरत बताकर कम समय में कई उत्पादों की जानकारी हासिल कर सकते हैं। हालांकि, एआई के बताए हर उत्पाद को सबसे बेहतर मानना सही नहीं है। खरीदारी से पहले वास्तविक कीमत, उत्पाद की गुणवत्ता, ग्राहक रिव्यू, वारंटी और विक्रेता की विश्वसनीयता जांचना जरूरी है।

- अभिषेक माथुर – डिजिटल मार्केटिंग एवं ब्रांड स्ट्रेटजी विशेषज्ञ

Updated on:
5 Nov 2026, 9:09 PM IST
Published on: