
जैसलमेर. बाजार में सजी दुकानें ।
जैसलमेर. दिवाली का त्योहार अब दो कदम की दूरी पर है, इसके चलते शहर के बाजारों में रौनक बढऩे लगी है। व्यापारियों के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी अवसरों में शामिल दिवाली को लेकर हनुमान चौराहा बाजार में भी उत्साह का माहौल है। यहां मोबाइल, गिफ्ट शॉप, किराना, रेडिमेड, फल-सब्जी और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। दुकानदारों ने भी त्योहार की मांग को देखते हुए दुकानों में नई रेंज और आकर्षक वैरायटी सजाई है। धनतेरस और दिवाली के नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारी का माहौल परवान चढ़ रहा है। हनुमान चौराहा शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां जरूरत के सामान से लेकर उपहार, मोबाइल और घरों की सजावट से जुड़ी वस्तुओं की दुकानें व ठेले होने से अलग-अलग वर्ग के ग्राहक पहुंचते हैं। दिवाली पर घरों को सजाने, उपहार देने और परिवार के लिए खरीदारी करने की परंपरा के चलते बाजार में इन दिनों खास चहल-पहल दिखाई दे रही है। स्थानीय ग्राहकों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खरीदार भी बाजार में पहुंच रहे हैं, जिससे कारोबार को गति मिल रही है।
त्योहारी खरीदारी के दौरान ग्राहक अपनी पसंद के साथ बजट का भी पूरा ध्यान रख रहे हैं। मोबाइल और गिफ्ट शॉप पर अलग-अलग कीमतों के विकल्प उपलब्ध हैं। वहीं सजावटी सामान की दुकानों पर दीपावली के लिए आकर्षक लाइटिंग, झालर, सजावट की सामग्री और अन्य उत्पाद ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। लोग एक से अधिक दुकानों पर जाकर कीमत और गुणवत्ता की तुलना कर रहे हैं। किराना दुकानों पर भी त्योहार से जुड़ी सामग्री की मांग बढ़ रही है। फल-सब्जी की दुकानों पर घरेलू जरूरतों के साथ त्योहार के लिए खरीदारी करने वाले ग्राहक पहुंच रहे हैं।
हनुमान चौराहा क्षेत्र की दुकानों में ग्राहकी केवल शहर तक सीमित नहीं है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग यहां खरीदारी के लिए आते हैं। दिवाली पर घरों की सजावट, उपहार, मोबाइल और घरेलू जरूरतों के सामान की खरीदारी के चलते बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है। व्यापारियों का मानना है कि धनतेरस और दीपावली के दिन नजदीक आने के साथ खरीदारी में और तेजी आएगी। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद और जरूरत को ध्यान में रखते हुए सामान का पर्याप्त स्टॉक रखा है। अब उन्हें त्योहार के शेष दिनों में बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
परिचर्चा - दिवाली पर उपहार देने का चलन बढ़ा
दिवाली पर उपहार देने का चलन बढ़ा है। लोग परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों के लिए अलग-अलग तरह के गिफ्ट आइटम पसंद कर रहे हैं। हमने भी त्योहार को देखते हुए नई वैरायटी मंगवाई है। ग्राहकों में बजट के अनुसार खरीदारी करने की रुचि है।
- भंवरलाल जोशी, दुकानदार
बजट के अनुसार विकल्प उपलब्ध
दिवाली पर लोग अपने लिए और परिवार के सदस्यों के लिए मोबाइल खरीदने में रुचि दिखाते हैं। अलग-अलग कंपनियों के नए मॉडल और बजट के अनुसार विकल्प उपलब्ध हैं। ग्राहक फीचर और कीमत की तुलना कर रहे हैं।
- भुवनेश खत्री, दुकानदार
जरूरत और बजट के हिसाब से सामान खरीद
दिवाली पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए लाइटिंग, झालर और सजावटी सामान की मांग रहती है। इस बार भी दुकान पर कई तरह की नई डिजाइन के सामान उपलब्ध हैं। लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से सामान खरीद रहे हैं।
- जगदीश राठौड़, दुकानदार
किराना सामग्री की मांग
दिवाली पर घरों में विशेष पकवान और मिठाइयां बनाने के साथ पूजा-पाठ की तैयारियां भी होती हैं। ऐसे में किराना सामग्री की मांग बढ़ती है। ग्राहक त्योहार की जरूरतों के अनुसार खरीदारी करने लगे हैं। दिवाली के आसपास बिक्री में और इजाफा होने की संभावना है।
- कमलेश पंवार, दुकानदार
Updated on:
5 Nov 2026, 9:31 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 9:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.