टोपीदार बंदूक के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार
पोकरण (आंचलिक). भणियाणा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टोपीदार बंदूक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भणियाणा पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिलेभर में पंचायत चुनाव को लेकर विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया जा रहा है। इसी के अंतर्गत भणियाणा थानाधिकारी जसराज चौधरी के निर्देशन में हेड कांस्टेबल भगवानाराम मय जाब्ता शनिवार की देर रात गश्त कर भणियाणा चौराहे पर नाकाबंदी कर रहे थे। इस दौरान सांकड़ा रोड की तरफ से आ रही एक मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया, तो मोटरसाइकिल चालक वापिस घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया और रुकवाकर नाम-पता पूछा। उसने अपना नाम जोधपुर जिलांतर्गत शेरगढ़ थानाक्षेत्र केसूर्यउदयनगर सोलंकियातला निवासी रतनसिंह पुत्र भंवरसिंह बताया। उसके कंधे पर टोपीदार बंदूक लटकाई हुई थी। पुलिस ने वैध परमिट व अनुज्ञा पत्र के बारे में पूछा, तो उसके पास कोई लाइसेंस नहीं मिला। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बंदूक व मोटरसाइकिल जब्त की।