जैसलमेर

दिवाली से पहले शहर को साफ-सुथरा बनाने की कवायद

-नगरपरिषद सभापति कल्ला कार्यों का जायजा लेने पहुंचे
less than 1 minute read
• •
Updated: 30 Oct 2021, 7:54 AM IST
दिवाली से पहले शहर को साफ-सुथरा बनाने की कवायद
दिवाली से पहले शहर को साफ-सुथरा बनाने की कवायद


जैसलमेर. दिवाली से पहले जैसलमेर शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नगरपरिषद की तरफ से विभिन्न वार्डों के साथ मुख्य मार्गों आदि पर साफ-सफाई के कार्य में तेजी लाई जा रही है। वहीं वार्डों में विकास तथा बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्य भी करवाए जा रहे हैं। जिनका जायजा लेने सभापति हरिवल्लभ कल्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दिवाली से पूर्व आमजन की सुविधा के लिए नगरपरिषद की तरफ से रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था भी की गई है। इस दौरान शाम 7 बजे के बाद मुख्य बाजार व अन्य स्थानों पर साफ-सफाई कार्य किया जाएगा। वहीं घर-घर कचरा संग्रहण के लिए रात्रिकालीन टैक्सी की व्यवस्था भी की गई है।
व्यवस्थाओं को चाक चौबंद बनाएं
सभापति ने शिव रोड व किले के भीतर चल रहे रात्रिकालीन सफाई कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था के लिए पाबंद किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दिवाली तथा पर्यटन सीजन के मौके पर शहर की आभा निखरी हुई नजर आनी चाहिए। सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने शुक्रवार प्रात: सफाई व्यवस्था के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान हनुमान चौराहा, गीता आश्रम चौराहा, गड़ीसर चौराहा, मदरसा रोड, दर्जी पाड़ा, गांधी कॉलोनी, अ बेडकर पार्क व आसपास के स्थानों पर साफ-सफाई से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में सफाई निरीक्षण के दौरान दर्जी पाड़ा में चल रहे सड़क निर्माण कार्य व सीवरेज प्रॉपर्टी कनेक्शन कार्य का निरीक्षण किया तथा वार्डवासियों से मुलाकात की। वार्ड में चल रहे सड़क निर्माण कार्य की जांच की तथा अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपसभापति खींवसिंह, पार्षद सुमार खां और लीलाधर दैया व सहायक अभियंता रेशुसिंह व अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
कल्ला ने बाद में सुथार समाज की ओर से इंदिरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित विश्वकर्मा प्रीमियर लीग 2021 के शुभारंभ समारोह में शिरकत की।

Published on: