पोकरण कस्बे में लगातार बिगड़ रही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के विरोध में गुरुवार देर रात लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घंटों बिजली गुल रहने से नाराज युवाओं ने डिस्कॉम कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और विरोध के दौरान सहायक अभियंता के आवास तक पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की और दरवाजा क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

पोकरण. कस्बे में बिगड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार की शाम तीन से चार घंटे बिजली गुल रहने के बाद रात में भी हल्की बारिश के दौरान करीब एक से दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद रही। भीषण गर्मी से परेशान कुछ युवाओं का गुस्सा फूट गया और वे डिस्कॉम कार्यालय पहुंचकर हंगामा करने लगे। कस्बे के वार्ड संख्या 4 में विद्युत समस्या को लेकर देर रात कुछ युवा डिस्कॉम कार्यालय पहुंचे। यहां वे विरोध प्रदर्शन करते हुए शोर मचाने लगे। यहां उपस्थित कर्मचारियों ने समझाइश की, लेकिन वे नहीं माने और धक्का-मुक्की करते हुए सहायक अभियंता राहुल खोईवाल के आवास तक पहुंच गए। युवाओं का हो-हल्ला सुनकर स्थिति बिगडऩे की आशंका के चलते सहायक अभियंता खोईवाल व कनिष्ठ अभियंता राहुल गर्ग छत पर चले गए। युवाओं ने प्रदर्शन के दौरान आवास के दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना पर सहायक उपनिरीक्षक नींबदान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवाओं से समझाइश की और उन्हें डिस्कॉम कार्यालय से रवाना किया। जिसके बाद हालात नियंत्रित हुए और शांति हुई।
पुलिस के अनुसार डिस्कॉम के सहायक अभियंता राहुल खोईवाल ने सरकारी आवास में तोडफ़ोड़ करने, हंगामा करने को लेकर लिखित रिपोर्ट दी है। हालांकि शुक्रवार की शाम तक मामला दर्ज नहीं किया गया था, लेकिन पुलिस रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पोकरण. 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कस्बे के स्वतंत्रता सेनानी गोविंदसिंह पडि़हार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान में योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसको लेकर शुक्रवार को पूर्वाभ्यास किया गया। आयुर्वेद विभाग की चिकित्साधिकारी डॉ.चारुलताबेगड़ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले ब्लॉक स्तरीय मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों के अंतर्गत योगा फॉर हेल्थी एजिंग विषय पर कस्बे के ऐतिहासिक प्राचीन सतियों के देवल छतरियों पर शुक्रवार को योगाभ्यास किया गया। कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास करवाया गया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास बढ़ती आयु के साथ शरीर के लचीलापन, संतुलन, मानसिक शांति एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय व गरिमापूर्ण वृद्धावस्था के लिए अत्यंत उपयोगी है। योगाचार्य महेन्द्रगिरी, सहायक योग प्रशिक्षक सुरेश, धनसिंह, रमनगिरी, जसराज कुमावत, स्वप्निल आदि ने योगाभ्यास कार्यक्रम में सहयोग किया और बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया एवं योग को दैनिक जीवन में हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर 21 जून को आयोजित होने वाले ब्लॉक स्तरीय योग कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में लोगों से भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।