रामदेवरा. घरों में नल कनेक्शन हैं, लेकिन जरूरत के वक्त पानी नहीं मिल रहा। कहीं दो दिन तो कहीं पांच दिन तक जलापूर्ति का इंतजार करना पड़ रहा है। रामदेवरा में पेयजल व्यवस्था की यही हकीकत जलदाय विभाग के एक दिन छोड़कर सप्लाई के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। नियमित पानी नहीं मिलने से लोगों को निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। यानी नलों से मिलने वाले पानी की कमी अब जेब पर भी भारी पड़ रही है। कस्बे में पेयजल संकट केवल सप्लाई के अंतराल तक सीमित नहीं है। लोगों की परेशानी यह भी है कि पानी नहीं आने पर अगली सप्लाई कब होगी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती। ऐसे में घरों की जरूरतों के लिए वैकल्पिक इंतजाम करना मजबूरी बन गया है। दूसरी ओर, विभागीय अधिकारियों के जवाब बिजली कटौती और पानी के भंडारण की कमी की ओर इशारा कर रहे हैं।