जैसलमेर/पोकरण. दीपावली से पहले जैसलमेर और पोकरण के बाजारों में त्योहारों की हलचल बढ़ने लगी है। करवा चौथ से लेकर रवि पुष्य नक्षत्र, धनतेरस और दीपावली तक लगातार खरीदारी के अवसर मिलने से व्यापारियों को कारोबार में तेजी की उम्मीद है। कपड़े, शृंगार सामग्री, सोने-चांदी के आभूषण, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में ग्राहकों की पसंद के अनुसार नए सामान की खेप मंगवाई जा रही है। दुकानदार ऑफर, उपहार और फाइनेंस सुविधाओं के साथ ग्राहकों को आकर्षित करने की तैयारी में हैं। हालांकि, जैसलमेर जिले में बारिश की कमी से बने अकाल के हालात इस उत्साह के बीच बड़ी चुनौती हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और पशुपालकों की कमजोर खरीद क्षमता त्योहारी कारोबार की रफ्तार को प्रभावित कर सकती है। दीपावली से पहले रवि पुष्य नक्षत्र और धनतेरस पर खरीदारी को लेकर बाजारों में तैयारियां तेज हैं। सोने-चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं, बर्तनों और आभूषणों की मांग बढ़ने की उम्मीद है। भूमि, भवन और नए वाहनों की खरीद के लिए भी ग्राहक शुभ मुहूर्त को ध्यान में रख रहे हैं। जैसलमेर और पोकरण के व्यापारी ग्राहकों की पसंद के अनुरूप स्टॉक जुटाने में लगे हैं, ताकि त्योहारों के दौरान मांग के अनुसार सामान उपलब्ध कराया जा सके।