जैसलमेर

शिक्षक के व्यवहार से गुस्साए 40 अभिभावकों से मांगी सामूहिक टीसी

-जातिगत भेदभाव व अपमानित करने का आरोप

less than 1 minute read
Jul 28, 2021
शिक्षक के व्यवहार से गुस्साए 40 अभिभावकों से मांगी सामूहिक टीसी


जैसलमेर. जिला मुख्यालय से मात्रा 15 कि.मी. दूर स्थित ग्राम पंचायत रुपसी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रुपसी में अध्ययनरत करीबन 40 बालिकाओं के अभिभावकों ने सामूहिक टीसी देने की प्रधानाचार्य से मांग की। आरोप है कि रुपसी स्थित विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक की ओर से बालिकाओं के साथ जातिगत भेदभाव कर प्रताडि़त किया जा रहा है। भययुक्त माहौल में कोई भी बालिकाएं इस विद्यालय में जाने से कतरा रही है। इस संबंध में ग्राम रुपसी व लौद्रवा के अभिभावकों ने मिलकर प्रधानाचार्य को सामूहिक टीसी देने को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षा के मंदिर में एक शिक्षक की ओर से जातिगत भावना से बालिकाओं को परेशान किया जा रहा है। गांव की बालिकाओं ने बताया कि उक्त शिक्षक की ओर से यदि कोई लड़की विद्यालय में धार्मिक प्रतीक चिन्ह लगाकर जाती है, तो वे उसे खड़ा अपमानित करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाई स्कूल में प्रेक्टिकल के नाम पर साइंस के विद्यार्थियों को इतना डराया जाता है कि वे चुप ही रहते हैं। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार प्रधानाचार्य को अवगत करवाने के बावजूद उक्त शिक्षक के विरुद्व कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। बुधवार को एकत्रित हुए ग्रामीणों ने उक्त घटना की जानकारी जिला कलक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी को भी दी। ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पेश होकर उक्त शिक्षक के विरुद्व कठोर कार्रवाई करते हुए निलंबित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि उक्त शिक्षक विद्यालय में रहेगा तो वे अपने बच्चों को इस विद्यालय में नहीं भेजेंगे। उन्होंने यह भी मांग की कि उन्हें सामूहिक टीसी दी जाए, जिससे कि वे अन्य विद्यालय में बच्चों का दाखिला करवा सके।

Published on:
28 Jul 2021 10:09 am
Also Read
View All