जैसलमेर

20 साल पहले थर्राया था रेगिस्तान, दुनिया ने देखी थी भारत की ताकत

परमाणु परीक्षण के बाद पोकरण के साथ-साथ खेतोलाई को भी एक नई पहचान मिली।
3 min read
• •
Updated: 11 May 2018, 8:21 AM IST
Jaisalmer patrika
patrika news

पोकरण(जैसलमेर)। परमाणु परीक्षण के बाद पोकरण के साथ-साथ खेतोलाई को भी एक नई पहचान मिली, लेकिन 20 वर्ष पूर्ण हो जाने के बाद गांव में हालात आज भी जस के तस है। ग्रामीणों को इस बात का दर्द है कि विश्वस्तर पर चर्चित इस गांव में सुविधाओं का भारी टोटा है। ग्रामीणों का मानना है कि परमाणु विकिरण से फैलने वाली बीमारियों को लेकर उपखण्ड मुख्यालय पर विशेष जांच की व्यवस्था की जानी चाहिए, लेकिन आज तक उन मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

देश के सामरिक गौरव के दिन 11 व 13 मई, जब 20 वर्ष पूर्व 1998 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी सरकार की ओर से पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज में लगातार पांच परमाणु बमों के धमाके कर पूरे विश्व में भारत की सामरिक शक्ति का लोहा मनवाकर भारत एक बार पुन: परमाणुशक्ति के रूप में उभरकर सामने आया।

आज से 20 वर्ष पूर्व भारत सरकार ने 11 मई को दो व 13 मई को तीन परमाणु परीक्षण किए। पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज में खेतोलाई गांव के निकट किए गए परमाणु धमाकों के बाद विश्वस्तर पर पहचान बना चुके पोकरण उपखण्ड के खेतोलाई गांव के लोग आज भी उस शौर्य व शक्ति दिवस की याद कर अपने आप को गौरान्वित महसूस करते है। उसी परमाणु परीक्षण की आज 20वीं वर्षगांठ है। प्रथम परमाणु परीक्षण तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी की ओर से 18 मई 1974 को किया गया था।

IMAGE CREDIT: patrika

परमाणु परीक्षण की कहानी, ग्रामीणों की जुबानी
पत्रिका टीम ने खेतोलाई गांव जाकर ग्रामीणों से जानकारी संकलित की तो पाया कि परमाणु परीक्षण कार्यक्रम को पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज के सबसे नजदीक गांव खेतोलाई को भी कितना गुप्त रखा गया।

-गांव के बुजुर्ग 20 वर्ष पुराने अनुभवों को साझा करते हुए बताते है कि 11 मई 1998 को सुबह नौ बजे गांव में कुछ सेना की गाडिय़ों में सवार होकर सेना के अधिकारी व जवान आए तथा ग्रामीणों को घर-घर सूचना दी कि दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे तक वे पक्के मकानों व पत्थर की पट्टियों के छत से बने मकानों के अंदर नहीं बैठे तथा वे घरों से बाहर पेड़ों की छांव में ही बैठे।

-गांव के भीतर चप्पे-चप्पे पर आर्मी के जवान खड़े थे। गांव के प्रत्येक गली मोहल्ले में सेना की गाडिय़ां घूम रही थी तथा ग्रामीणों को घरों के अंदर नहीं बैठने के लिए समझाया जा रहा था।

-ग्रामीणों ने भी सेना के अधिकारियों की बात को मानते हुए अपने दैनिक कार्य जल्दी निपटाकर 12 बजे बाद अपने बाल बच्चों सहित घरों के बाहर पेड़ों की छांव में डेरा डाल दिया।

थर्राई धरती, मकानों में कंपन और छाया धुएं का गुबार
करीब पौने तीन बजे तेज धमाका हुआ तथा गांव से उत्तर दिशा की तरफ करीब दो किमी दूर पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज की तरफ आसमान में धुंए का गुब्बार उड़ता दिखाई दिया। तेज बम के धमाके से गांव सहित आसपास क्षेत्र की जमीन थर्रा उठी। भूमि में हुए कंपन्न के साथ मकानों में रखा सामान नीचे गिर गया तथा कई मकानों व भूमिगत टांकों में दरारें भी आ गई।

धमाके के 15 मिनट बाद ही सभी सेना के अधिकारी व जवान गाडिय़ों में सवार होकर गांव में बिना कुछ बताए ही फिल्ड फायरिंग रेंज की तरफ चले गए। कुछ ही देर बाद जब टीवी चैनलों व रेडियों पर प्रधानमंत्री ने पोकरण फिल्ड फायरिंग रेंज में किए गए परमाणु परीक्षण की जानकारी दी, उसी दिन खेतोलाई गांव सुर्खियों में आ गया।

IMAGE CREDIT: Patrika

‘शक्तिविहिन’ हुआ शक्तिस्थल
परमाणु स्थल पोकरण फिल्ड फायरिंग के अंदर व रक्षा विभाग की सुरक्षा में होने के कारण आम व्यक्ति का उस स्थल तक जाना वर्जित है। इसी पहचान को चिरस्थायी बनाए रखने और पोकरण को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए स्थानीय जैसलमेर रोड स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन में जिला प्रशासन की ओर से शक्तिस्थल के नाम से कुछ मॉडल विकसित कर यहां विशेष रूप से परमाणु संयंत्र के मॉडल को तैयार किया गया, लेकिन यह स्थल भी विकास के अभाव में अपनी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया तथा लाखों रुपए की धनराशि खर्च कर बनाए गए कुछ मॉडल, आयुद्ध गैलेरी तथा युद्धों से संबंधित ऐतिहासिक जानकारियों की प्रदर्शनी भी बंद पड़ी है। जिसके चलते शक्तिस्थल निर्माण योजना भी सफल नहीं हो सकी।

Published on: