जैसलमेर

jaisalmer: टोल प्लाजा पर हथियारबंद हमला, कर्मचारियों से मारपीट कर 4300 रुपए लूटे

राष्ट्रीय राजमार्ग-125 के जोधपुर-जैसलमेर बाईपास स्थित मोराणी टोल प्लाजा पर गुरुवार तड़के हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने टोल कार्मिकों से मारपीट, बूथों में तोड़फोड़ और 4300 रुपए लूटने के साथ एम्बुलेंस को भी क्षतिग्रस्त किया। घटना के बाद टोल कार्मिकों में भय का माहौल है, वहीं आरोपियों पर प्रतिदिन रंगदारी देने की धमकी देने का भी आरोप है।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
jaisalmer pokaran news
पोकरण. टोल नाके पर की गई तोडफ़ोड़। पत्रिका

पोकरण ( जैसलमेर ). कस्बे के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 125 के जोधपुर-जैसलमेर बाईपास स्थित मोराणी टोल प्लाजा पर गुरुवार तड़के हथियारबंद लोगों ने हमला कर कर्मचारियों से मारपीट, तोड़फोड़ और लूट की वारदात की। घटना के बाद टोल कार्मिकों में भय का माहौल बन गया। आरोपियों ने टोल बूथों पर लगे कंप्यूटर और अन्य उपकरणों के साथ वहां खड़ी एम्बुलेंस को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। टोल मैनेजर महेश कुमार गुर्जर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार तड़के करीब 3.30 बजे दूधिया निवासी छोटूसिंह पुत्र मालमसिंह चार अन्य युवकों के साथ टोल प्लाजा पहुंचा। आरोपियों के पास तलवार और पिस्तौल सहित हथियार थे।

उन्होंने टोल कार्मिकों के साथ गाली-गलौच कर मारपीट की। मैनेजर के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने दैनिक खर्च के लिए रखे 4300 रुपए जबरन छीन लिए। रिपोर्ट के अनुसार आरोपियों ने टोल बूथों में तोड़फोड़ कर कंप्यूटर और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त किए। टोल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस को भी नुकसान पहुंचाया गया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग की संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ टोल संचालन भी प्रभावित हुआ। आरोपियों ने कार्मिकों को प्रतिदिन रंगदारी देने की धमकी भी दी।

पुलिस के पहुंचने पर भी नहीं रुके आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही पोकरण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टोल बूथ पर आरोपियों की गाड़ी रोककर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज गति से गाड़ी निकालकर भाग गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी गाड़ी की खिड़की से लटक गया, लेकिन आरोपी नहीं रुके। पुलिस ने कुछ दूरी तक पीछा भी किया। इसके बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। गुरुवार शाम तक आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए थे।

मामला दर्ज कर जांच शुरू

घटना के बाद गुरुवार सुबह टोल मैनेजर महेशकुमार गुर्जर, प्रोजेक्ट मैनेजर शिशुपाल चौधरी सहित अन्य कार्मिक पोकरण थाने पहुंचे। उन्होंने थानाधिकारी मनीष सोनी को घटना की जानकारी दी और रिपोर्ट पेश की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
01 Oct 2026 09:14 pm
Published on:
01 Oct 2026 09:14 pm