जैसलमेर

बचने के लिए बढ़ा रहा था दाढ़ी-मूंछे,बदल रहा था मकान,तीन माह से फरार अपहरण का आरोपी गिरफ्तार

-तीन माह से फरार अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
2 min read
Apr 06, 2019
jaisalmer
बचने के लिए बढ़ा रहा था दाढ़ी-मूंछे,बदल रहा था मकान,तीन माह से फरार अपहरण का आरोपी गिरफ्तार

जैसलमेर/पोकरण. कस्बे से एक नाबालिग का अपहरण कर ले जाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। थानाधिकारी सुखराम विश्रोई ने बताया कि गत 30 दिसम्बर 2018 को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट पेश कर बताया था कि 29 दिसम्बर रात्रि में स्थानीय वाल्मिकी बस्ती निवासी महेश पुत्र संजूराम वाल्मीकि उसकी नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पूर्व में नाबालिग लडक़ी को संरक्षण में लिया गया और परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था। जबकि आरोपी तीन माह से फरार था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सहायक उपनिरीक्षक मगाराम, कांस्टेबल सोहनलाल व मोहनलाल पालीवाल की टीम गठित की गई। टीम ने युवक को दस्तयाब करने के लिए बीकानेर में दबिशेंं दी। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी मूंछे बढ़ा ली थी और बार-बार किराए का मकान भी बदल रहा था। पुलिस ने दो दिन पूर्व बीकानेर से युवक को दस्तयाब किया और पोकरण थाने लाया गया। यहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां उसे न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए गए।

घर के आगे खड़ी बाइक चुरा ले गए चोर
नाचना. गांव में गुरुवार रात घर के आगे खड़ी बाइक अज्ञात चोर चुरा ले गए। स्थानीय सोनार पाड़ा निवासी पुखराज पुत्र शंकरलाल सोनी ने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल गुरुवार की रात घर के आगे खड़ी थी। शुक्रवार को सुबह उठे, तो यहां बाइक नहीं थी। उन्होंने बाइक की इधर उधर तलाश की, लेकिन कहीं अता पता नहीं लगा। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में एक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। गौरतलब है कि क्षेत्र में गत कुछ माह में चोरी की वारदातें बढऩे लगी है। जिससे आमजन में भय व दहशत का माहौल है। बावजूद इसके पुलिस की ओर से चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Published on:
06 Apr 2019 09:35 am