जैसलमेर

jaisalmer: जोधपुर के पदयात्री संघों की आवक शुरू, कपड़े के घोड़ों व ध्वजाओं का लगने लगा अंबार

बाबा रामदेव की समाधि के दर्शनों के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से पोकरण में भी मेले जैसा माहौल है। रामदेवरा आने-जाने वाले अधिकांश श्रद्धालु पोकरण से गुजर रहे हैं और यहां धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। अगले दो दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने और पोकरण में रात्रि ठहराव की संभावना से बाजारों में रौनक बढ़ी है।
2 min read
• •
Updated: 16 Sep 2026, 8:55 PM IST
jaisalmer
पोकरण. कपड़े का घोड़ा लेकर जाते श्रद्धालु। पत्रिका

पोकरण. भगवान श्रीकृष्ण के कलयुगी अवतार माने जाने वाले जन-जन की आस्था के प्रतीक लोकदेवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शनों के लिए इन दिनों प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु रामदेवरा पहुंच रहे है। इनमें से अधिकांश श्रद्धालु पोकरण होकर गुजरते है और दर्शनों के बाद वापिस भी पोकरण से ही जाते है। जिससे रामदेवरा से 12 किलोमीटर दूर पोकरण में भी मेले जैसा माहौल बना हुआ है। साथ ही अब दो दिन में हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे और एक रात पोकरण में रुककर रामदेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे। गौरतलब है कि रामदेवरा में स्थित बाबा रामदेव की समाधि पर प्रतिवर्ष भादवा माह में अंतरप्रांतीय मेले का आयोजन किया जाता है। गत एक सप्ताह पूर्व रामदेवरा में भादवा मेले का विधिवत आगाज किया गया था। इससे पूर्व एक माह से रामदेवरा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, जो लगातार जारी है। बाबा की समाधि के दर्शनों के बाद आधे से अधिक श्रद्धालु पोकरण पहुंचकर बालीनाथ महाराज के आश्रम के दर्शन कर बालागढ़ फोर्ट, ऐतिहासिक सालमसागर व रामदेवसर तालाबों का भ्रमण कर रहे है। जिससे पोकरण में भी मेले जैसा माहौल बना हुआ है और बाजारों में रोनक नजर आ रही है।

वाल्मीकि का संघ पहुंचा पोकरण

जोधपुर की तरफ से पदयात्री संघों की आवक शुरू हो गई है। बुधवार को दोपहर बाद वाल्मीकि समाज के संघ की पोकरण पहुंचने की आवक शुरू हुई। संघ का अग्रिम दल व बड़ी संख्या में पदयात्री बुधवार को दोपहर यहां पहुंच गए है और शाम तक उनके आने का सिलसिला जारी था। इन पदयात्रियों की ओर से अपने साथ करीब एक दर्जन कपड़े के बड़े घोड़े लाए गए है। जिन्हें जयनारायण व्यास सर्किल, नगरपालिका, उपखंड अधिकारी कार्यालय के पास, रेलवे स्टेशन रोड, राउमावि मैदान आदि पड़ाव स्थलों पर सजाकर रखा गया है, जो कस्बे में आकर्षण का केन्द्र बने हुए है। साथ ही इन पदयात्रियों ने भी यहां पड़ाव स्थलों पर डेरा जमा रखा है। जिससे यहां चहल पहल नजर आ रही है।

कल निकलेगी विशाल झंडा रैली

जोधपुर से दो बड़े पदयात्री संघ भी शुक्रवार को सुबह पोकरण पहुंचेंगे। बाबा रामदेव सांसी समाज पैदल यात्रा संघ जोधपुर बग्गी खाना व भदवासिया संघ गुरुवार को पोकरण से 14 किलोमीटर दूर क्षेत्र के लवां गांव के पास डेरा डालेगा। इन संघों में शामिल सैकड़ों श्रद्धालु शुक्रवार को सुबह 6 बजे पड़ावस्थल से रवाना होकर 10 बजे पोकरण में प्रवेश करेंगे। इसके साथ ही विशाल ध्वजाओं के साथ रैली निकाली जाएगी। जोधपुर रोड से यह रैली फलसूंड तिराहे, अस्पताल रोड होते हुए जयनारायण व्यास सर्किल पहुंचेगी। यहां रैली का समापन कर संघ में शामिल पदयात्री राउमावि मैदान, अंबेडकर सर्किल, स्टेशन रोड, रेलवे स्टेशन के पास, उपखंड अधिकारी कार्यालय, नगरपालिका कार्यालय के बाहर अपना पड़ाव डालेंगे।

Updated on:
16 Sep 2026, 8:55 PM IST
Published on: