
जैसलमेर। जिले के पीटीएम थाना क्षेत्र में रविवार को करंट लगने से एक व्यापारी की मौत हो गई। हादसा 192 आरडी के पास नहरी क्षेत्र में स्थित खेत में हुआ। यहां ट्रांसफार्मर से बिजली की लाइन जोड़ने के दौरान अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से अचलाराम पोटलिया गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि अचलाराम खेत में बिजली का कनेक्शन जोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया। तेज झटका लगने से वह बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर गए। उनकी चीख सुनकर आसपास मौजूद परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजन उन्हें लेकर मोहनगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पीटीएम थाना पुलिस मोहनगढ़ अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और बिजली कनेक्शन जोड़ने के दौरान करंट प्रवाहित होने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा खेत में लगे ट्रांसफार्मर के पास बिजली की लाइन जोड़ते समय हुआ।
मृतक अचलाराम मूल रूप से बाड़मेर जिले के खारा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। लंबे समय से उनका मोहनगढ़ क्षेत्र के 192 आरडी में रहना और कारोबार करना बताया जा रहा है। वह व्यापार के साथ खेती से भी जुड़े हुए थे। हादसे की खबर मिलने के बाद उनके रिश्तेदार, परिचित और आसपास के लोग अस्पताल पहुंचने लगे।
परिजनों के मुताबिक अचलाराम परिवार के साथ नहरी क्षेत्र में रहते थे और खेती-किसानी के काम में भी सक्रिय थे। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
पीटीएम थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रांसफार्मर से लाइन जोड़ते समय किन परिस्थितियों में करंट प्रवाहित हुआ।