16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaisalmer News: रील बनाने इंदिरा गांधी नहर में उतरे दो युवक डूबे, गोताखोरों की मदद से चल रहा सर्च ऑपरेशन

जैसलमेर जिले के नाचना क्षेत्र में रविवार दोपहर रील बनाने इंदिरा गांधी नहर में उतरे दो युवक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही नाचना पुलिस मौके पर पहुंची। नहर किनारे दोनों युवकों के कपड़े मिले हैं। पुलिस गोताखोरों की मदद से नहर में दोनों युवकों की तलाश कर रही है।
2 min read
Google source verification
jaisalmer canal

Jaisalmer: नहर में डूबे युवकों की तलाश करते गोताखोर (फोटो-पत्रिका)

जैसलमेर। जिले के नाचना थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर इंदिरा गांधी नहर में दो युवकों के डूबने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक नहर के पास रील बनाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वे पानी में उतरे और गहराई में जाने के बाद संतुलन बिगड़ने से डूब गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कई घंटे तक युवकों का पता नहीं चल सका, हालांकि सर्च ऑपरेशन जारी है।

घटना नाचना हेड से मोहनगढ़ मार्ग पर स्थित इंदिरा गांधी मुख्य नहर की 1260 आरडी के पास हुई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नाचना गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार उनकी पहचान मगाराम (17) और रामचंद्र भील (20) के रूप में हुई है। हालांकि पुलिस की ओर से पहचान की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

नहर किनारे मिले कपड़े

दोनों युवकों के पानी में लापता होने की सूचना मिलते ही नाचना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नहर के किनारे युवकों के कपड़े और अन्य सामान मिला है। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और कुशल तैराकों की सहायता से तलाशी अभियान शुरू कराया।

थानाधिकारी सुमेरदान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। नहर में पानी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने के कारण तलाशी अभियान में बचाव दल को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गोताखोर लगातार संभावित स्थानों पर युवकों की तलाश कर रहे हैं।

दोस्तों के साथ पहुंचे थे नहर पर

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ नहर पर पहुंचे थे। इसी दौरान रील बनाने के लिए वे पानी में उतर गए। पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों अचानक गहरे हिस्से में चले गए और देखते ही देखते पानी में समा गए। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली।

यह वीडियो भी देखें :

मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़

हादसे की खबर फैलते ही 1260 आरडी के पास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया। लोग लगातार नहर की ओर नजरें लगाए हुए हैं और युवकों के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रही है। अधिकारियों के अनुसार दोनों युवकों का पता लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है। जरूरत पड़ने पर अन्य बचाव दलों की मदद लेने की प्रक्रिया भी की जा रही है।