
पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर-जैसलमेर संसदीय क्षेत्र के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल का मानना है कि क्षेत्र का विकास केवल स्थानीय जरूरत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा, पर्यटन और आर्थिक प्रगति से भी जुड़ा विषय है। राजस्थान पत्रिका के विशेष अभियान सांसद के नाम पर चि_ी के तहत पाठकों के सवालों के जवाब में उन्होंने पेयजल, रेल, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसानों और पर्यटन समेत विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं, उपलब्धियां और आगामी कार्ययोजना साझा की।
जवाब- जैसलमेर-बाड़मेर-भाभर रेल लाइन, मुनाबाव बॉर्डर टूरिज्म व एयर कनेक्टिविटी का विस्तार तथा सीमा गांवों में सडक़, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार सुविधाओं का विकास। इन मुद्दों को संसद और रेलवे समिति में उठाया है, अगले ढाई वर्षों में परिणाम की उम्मीद है।
प्रश्न: पेयजल संकट के निस्तारण और जल जीवन मिशन की गति बढ़ाने के लिए आपने क्या प्रयास किया ?
जवाब- संसद में लगातार जल संकट उठाया है। जल जीवन मिशन में तेजी, पर्याप्त बजट, गुणवत्ता जांच और पोकरण-फलसूंड-बालोतरा सहित लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने की मांग की है।
प्रश्न: स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए क्या प्रयास हैं?
उत्तर- सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण तथा शिक्षकों के रिक्त पद भरने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए केंद्र से लगातार मांग की है।
प्रश्न: रिफाइनरी और रोजगार पर आपकी योजना क्या है?
जवाब: पचपदरा रिफाइनरी में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिले। कौशल प्रशिक्षण, पेट्रोकेमिकल पार्क, एमएसएमई क्लस्टर और बालोतरा टेक्सटाइल उद्योग के आधुनिकीकरण पर जोर है।
प्रश्न: रेल, सडक़ और हवाई कनेक्टिविटी में क्या प्राथमिकताएं हैं?
जवाब : बाड़मेर एयरपोर्ट, जैसलमेर-बाड़मेर-भाभर रेल लाइन, पचपदरा रेल कनेक्टिविटी, नई ट्रेनें, जोधपुर-बालोतरा-बाड़मेर-जैसलमेर रेल सेवाओं का विस्तार और यात्री सुविधाओं में सुधार प्रमुख लक्ष्य हैं।
प्रश्न: किसानों और सीमा गांवों के लिए क्या पहल की?
जवाब: सिंचाई, फसल बीमा, बिजली, नहर परियोजनाओं तथा किसानों की राहत के मुद्दे संसद में उठाए हैं। सीमा गांवों में सडक़, मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए भी प्रयास जारी हैं।
प्रश्न: पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास की क्या योजना है?
उत्तर: मुनाबाव बॉर्डर टूरिज्म, रीट्रीट परेड, जैसलमेर पर्यटन तथा नाकोड़ा, खेड़ रणछोडऱाय, विरात्रा माता, किराड़ू और जसोल को राष्ट्रीय पर्यटन सर्किट से जोडऩे और विशेष केंद्रीय पैकेज की मांग की है।
प्रश्न: अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड और आगे के लक्ष्य?
जवाब: संसद में क्षेत्र के मुद्दे मजबूती से उठाना, रेलवे समिति में पैरवी, प्रमुख परियोजनाओं को आगे बढ़ाना, रोजगार-स्वास्थ्य-शिक्षा के मुद्दों को केंद्र तक पहुंचाना और लगातार जनसंपर्क मेरी प्रमुख उपलब्धियां हैं। अगले ढाई वर्षों में पेयजल, रेल परियोजनाओं, स्थानीय रोजगार, सीमा गांवों के विकास और पर्यटन-उद्योग को नई गति देना लक्ष्य है।
प्रश्न: लूणी नदी प्रदूषण और उद्योग संकट पर आपकी राय?
जवाब: पर्यावरण संरक्षण और रोजगार दोनों जरूरी हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए सभी पक्षों के समन्वय से ऐसा समाधान होना चाहिए जिससे लूणी नदी भी स्वच्छ रहे और श्रमिकों का रोजगार भी सुरक्षित रहे।