
रामदेवरा. कबाड़ के गोदाम के निरीक्षण के दौरान उपस्थित थाना प्रभारी ,सरपंच और अन्य लोग।
रामदेवरा. कस्बे में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। शनिवार को ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन द्वितीय रोड से जुड़ी संपर्क सड़क पर संचालित कबाड़ गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर फैला कबाड़ और कचरा पांच दिन के भीतर हटाकर मार्ग पूरी तरह साफ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कबाड़ी को नशे की हालत में आने वाले लोगों से कबाड़ नहीं खरीदने की सख्त चेतावनी दी गई। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन द्वितीय रोड से जुड़ी संपर्क सड़क पर कई वर्षों से कबाड़ का कारोबार संचालित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गोदाम का सामान और कबाड़ सड़क पर फैला रहने से संपर्क मार्ग लगभग अवरुद्ध हो गया है।
इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां कबाड़ बेचने आने वाले कई बाहरी लोग नशे की हालत में आसपास बैठे रहते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित होता है। बाबा रामदेव के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा झेलनी पड़ती है। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन द्वितीय रोड स्थित एक धर्मशाला में घुसकर दो कबाड़ बीनने वालों पर विद्युत केबल चोरी का आरोप लगने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हुए और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत रामदेवरा के सरपंच समंदरसिंह तंवर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद कर स्थिति शांत कराई। इसके बाद रामदेवरा थाना प्रभारी देवकिशन पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और शिकायतों का जायजा लिया।
पुलिस ने कबाड़ गोदाम का निरीक्षण किया। संपर्क सड़क पर फैले कबाड़ और कचरे को देखकर थाना प्रभारी ने नाराजगी जताई। कबाड़ी को पांच दिनों के भीतर सड़क से पूरा कबाड़ हटाकर मार्ग सुचारु करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि नशे की हालत में आने वाले लोगों से किसी भी प्रकार का कबाड़ नहीं खरीदा जाए। चोरी का सामान खरीदने अथवा किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्तता मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि करीब एक दशक से सड़क पर फैले कबाड़ के कारण आवागमन प्रभावित है।
थाना प्रभारी देवकिशन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि निर्धारित अवधि में सड़क से कबाड़ हटवाकर मार्ग पूरी तरह सुचारु कराया जाएगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तथा नशे की आड़ में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रामदेवरा की शांति व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत जताई। उनका कहना है कि यदि ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रही तो चोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
Updated on:
18 Jul 2026 08:58 pm
Published on:
18 Jul 2026 08:58 pm
